एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | वुलफार्ट और गार्डनर ने दिलाई गुजरात जायंट्स को दिल्ली कैपिटल्स पर जीत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. लॉरा वुलफार्ट और एशलीग गार्डनर के अर्धशतकों की मदद से गुजरात जायंट्स ने गुरुवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स 11 रन से हराकर महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।

खेल की खबरें | वुलफार्ट और गार्डनर ने दिलाई गुजरात जायंट्स को दिल्ली कैपिटल्स पर जीत

मुंबई, 16 मार्च लॉरा वुलफार्ट और एशलीग गार्डनर के अर्धशतकों की मदद से गुजरात जायंट्स ने गुरुवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स 11 रन से हराकर महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।

गुजरात जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 147 रन बनाए। इसके जवाब में दिल्ली की टीम 18.4 ओवर में एक 136 रन पर आउट हो गई। दिल्ली की यह पांच मैचों में दूसरी हार है।

गुजरात की तरफ से वुलफार्ट ने 45 गेंदों पर 57 रन बनाए जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल है। गार्डनर ने 33 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से नाबाद 51 रन की पारी खेली। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 81 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इनके अलावा हरलीन देओल ने 33 गेंदों पर 31 रन बनाए। दिल्ली की तरफ से जेस जॉनासन ने 38 रन देकर दो विकेट लिये।

दिल्ली के चार बल्लेबाज ही दोहरे अंक में पहुंचे जिनमें मारिजान काप ने सर्वाधिक 36 रन बनाए। अरुंधति रेड्डी ने आखरी ओवरों में 19 गेंद पर 25 रन बनाकर एक समय गुजरात के पेशानी पर बल ला दिए थे। गार्डनर ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और 19 रन देकर दो विकेट लिए। उनके अलावा किम गार्थ और तनुजा कंवर ने भी दो-दो विकेट हासिल किए।

दिल्ली के सामने मुश्किल लक्ष्य नहीं था लेकिन उसने रन गति बनाए रखने के बावजूद नियमित अंतराल में विकेट गवांकर अपने लिए स्थिति जटिल कर दी थी। दिल्ली ने पहले 10 ओवर में 78 रन बनाए लेकिन इस बीच चार विकेट भी गंवाए।

शेफाली वर्मा केवल आठ रन बना पाई और तनुजा कंवर (29 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर बोल्ड हो गई। कप्तान मेग लैनिंग ने स्नेह राणा की गेंद पर पगबाधा आउट होने से पहले 18 रन बनाए। एलिस कैपसे ने गार्डनर पर लगातार दो छक्के जमाए लेकिन रन आउट होने से उनकी पारी भी 22 रन तक सीमित रही। जेमिमा रोड्रिग्स केवल एक रन बना कर पवेलियन लौट गई।

काप ने एक छोर संभाले रखा लेकिन दूसरी तरफ से विकेट गिरते रहे। काप भी 14वें ओवर में सातवें विकेट के रूप में रन आउट हो गई। काप ने 29 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया।

अरुंधति ने शिखा पांडे (नाबाद आठ) के साथ मिलकर 35 रन की साझेदारी करके दिल्ली की उम्मीद जगा दी थी। अरुंधति ने 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर एक्स्ट्रा कवर पर कैच किया। तब दिल्ली लक्ष्य से 15 रन दूर था। गार्डनर ने अगले ओवर में पूनम यादव को आउट करके गुजरात को जीत दिलाई।

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी गुजरात जायंट्स की टीम ने पावरप्ले के छह ओवरों में सोफिया डंकले (चार) का विकेट गंवाकर 32 रन बनाए। डंकले ने मारिजान काप के पहले ओवर में ही मिड ऑन पर आसान कैच दे दिया था।

दिल्ली की कसी हुई गेंदबाजी के सामने गुजरात के बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ा। वुलफार्ट और हरलीन ने दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की लेकिन इसके लिए उन्होंने 53 गेंदे खेली। जॉनासन ने हरलीन को विकेट के पीछे कैच कराकर यह साझेदारी तोड़ी।

गार्डनर के क्रीज पर उतरने के बाद रन गति तेज हुई और वुलफार्ट ने भी तेजी दिखाई। दक्षिण अफ्रीका की इस बल्लेबाज ने 16वें ओवर में जॉनासन पर पारी का एकमात्र छक्का भी लगाया, जिससे टीम का स्कोर 100 रन पर पहुंचा। वुलफार्ट ने 41 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया।

अरुंधति रेड्डी ने वुलफार्ट को बोल्ड करके उनकी पारी का अंत किया। गार्डनर ने अगले ओवर में जॉनासन पर चौका जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 16, 2023 11:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).