खेल की खबरें | डब्ल्यूटीए चेन्नई ओपन: फ्रांस की गार्सिया और बेल्जियम की मर्टेंस ने नाम वापस लिया

चेन्नई, नौ सितंबर फ्रांस की कैरोलिन गार्सिया और बेल्जियम की एलिस मर्टेंस ने डब्ल्यूटीए चेन्नई ओपन से अपने नाम वापस ले लिये।

इस डब्ल्यूटीए 250 टूर्नामेंट के आयोजकों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। विश्व रैंकिंग में 17वें स्थान पर काबिज गार्सिया को टूर्नामेंट में शीर्ष वरीयता मिलने की उम्मीद थी।

रैंकिंग में भारत की दूसरी सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी करमन कौर थांडी को तीसरा वाइल्ड कार्ड मिला। वह देश की शीर्ष खिलाड़ी अंकिता रैना और अमेरिकी ओपन के पूर्व फाइनलिस्ट यूजिनी बूचार्ड (कनाडा) के साथ एकल मुख्य ड्रॉ में शामिल होंगी।

यहां जारी विज्ञप्ति के मुताबिक सोमवार से शुरू होने वाले टूर्नामेंट से गार्सिया ने व्यस्त कार्यक्रम के कारण नाम वापस ले लिया।

वह अमेरिकी ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची थी जहां गुरुवार को ट्यूनीशिया की ओन्स जबूर ने उन्हें हराया।

गार्सिया के हटने से अमेरिकी ओपन की शुरुआत से पहले 29वें स्थान पर रहीं एलिसन रिस्के-अमृतराज को एकल में शीर्ष वरीयता प्राप्त होने की संभावना है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि दुनिया की  12वें नंबर की पूर्व खिलाड़ी और अमेरिकी ओपन की सेमीफाइनलिस्ट मर्टेंस ने चोट के कारण इस स्पर्धा से हट गयी। शनिवार से शुरू होने वाले क्वालीफाइंग ड्रॉ में पांच भारतीय खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगी, जिसमें रुतुजा भोसले, रिया भाटिया, सौम्या बाविसेट्टी, साईं चमारथी और लक्ष्मी प्रभा अरुणकुमार के नाम शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)