एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप: भारत के हुसामुद्दीन और नवीन प्री क्वार्टर फाइनल में

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों के कांस्य पदक विजेता मोहम्मद हुसामुद्दीन (57 किग्रा) और नवीन कुमार (92 किग्रा) ने आसान जीत के साथ शुक्रवार को यहां आईबीए पुरुष विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

खेल की खबरें | विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप: भारत के हुसामुद्दीन और नवीन प्री क्वार्टर फाइनल में

ताशकंद, पांच मई एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों के कांस्य पदक विजेता मोहम्मद हुसामुद्दीन (57 किग्रा) और नवीन कुमार (92 किग्रा) ने आसान जीत के साथ शुक्रवार को यहां आईबीए पुरुष विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

दोनों मुक्केबाजों ने सर्वसम्मति से जीत दर्ज की। एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता आशीष को हालांकि हार का सामना करना पड़ा।

अंतिम 32 मुकाबले में हुसामुद्दीन ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए चीन के ल्यु पिंग को हराया। भारतीय मुक्केबाज ने पहले दौर में ही अपनी मूवमेंट और ताकतवर मुक्कों से दबदबा बनाया और इसे अंत तक कायम रखते हुए 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से जीत दर्ज की।

हुसामुद्दीन रविवार को प्री क्वार्टर फाइनल में रूस के सेविन एडवर्ड से भिड़ेंगे।

नवीन को भी दक्षिण कोरिया के ली सेंगमिन के खिलाफ जीत दर्ज करने में अधिक मशक्कत नहीं करनी पड़ी। भारतीय मुककेबाज ने अपनी लंबाई और लंबे हाथों का फायदा उठाते हुए आसान जीत दर्ज की।

नवीन प्री क्वार्टर फाइनल में 2021 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता स्पेन के इनामुएल रेयेस से भिड़ेंगे।

दूसरी तरफ आशीष को दो बार के ओलंपिक चैंपियन क्यूबा के आर्लेन लोपेज के खिलाफ रिव्यु (फैसले की समीक्षा) के बाद 2-5 से हार का सामना करना पड़ा। लोपेज ने पहला दौर जीता लेकिन भारतीय मुक्केबाज ने अगला दौर जीत लिया।

अंतिम दौर में करीबी मुकाबला देखने को मिला लेकिन क्यूबा के मुक्केबाज ने बाजी मार ली।

मौजूदा टूर्नामेंट में कई ओलंपिक पदक विजेताओं सहित 107 देशों के 538 मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2023 10:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).