श्रमिकों का पैदल घर जाना मार्मिक, झकझोर देने वाला : गहलोत
मुख्यमंत्री ने रविवार को लॉकडाउन के चौथे चरण की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए अधिकारियों को पैदल चलने वाले श्रमिकों के लिये रोडवेज को बसें तैयार रखने के निर्देश दिये।
जयपुर, 17 मई राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार रात को कहा कि केंद्र के दिशानिर्देशों के मुताबिक राज्य सरकार ने भी 31 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने का निर्णय किया है। राज्य की परिस्थितियों के अनुरूप इसके लिए विस्तृत दिशानिर्देश 18 मई को जारी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने रविवार को लॉकडाउन के चौथे चरण की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए अधिकारियों को पैदल चलने वाले श्रमिकों के लिये रोडवेज को बसें तैयार रखने के निर्देश दिये।
गहलोत ने कहा कि राज्यों से सहमति प्राप्त कर श्रमिकों को नि:शुल्क लाने एवं ले जाने के लिए ये विशेष बसें चलाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों एवं उनके परिजनों का अपने घर लौटने के लिए सैकड़ों किलोमीटर धूप में पैदल चलना बेहद तकलीफदेह है। राज्य सरकार इस पीड़ा से उन्हें राहत देने के लिए श्रमिक स्पेशल बसें चलाएगी।
उन्होंने कहा कि पूरे देश के लिए श्रमिकों की यह एक मार्मिक और झकझोर देने वाली समस्या है। मानवीय दृष्टिकोण से इसका जल्द निदान होना जरूरी है। इसके लिए केन्द्र सरकार बसों पर होने वाले व्यय को एसडीआरएफ मद में अनुमत करे।
उन्होंने कहा कि जिन स्थानों के लिए ट्रेन के लायक यात्रियों की संख्या नहीं होगी, उन राज्यों में श्रमिक स्पेशल बसों के माध्यम से श्रमिकों को भेजा जाएगा।
उन्होंने अपील की है कि दूसरे राज्य भी इसी तरह श्रमिक स्पेशल बसें चलाकर राजस्थान के श्रमिकों को भेजें।
गहलोत ने कहा कि लॉकडाउन के चौथे चरण में राज्यों को आपसी सहमति से प्रवासियों एवं श्रमिकों के आवागमन के लिए बसें चलाने के लिए अनुमत किया गया है। ऐसे में राजस्थान सरकार अन्य राज्यों से पहल कर पुरजोर प्रयास करेगी कि श्रमिक बिना तकलीफ के अपने घर पहुंच सकें।
उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में प्रवासी गांवों में पहुंचे हैं। इसलिए वहां संक्रमण फैलने का खतरा हो सकता है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2020 11:43 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

