देश की खबरें | लक्षद्वीप में 24 मार्गों और आठ सी-प्लेन वाटर एयरोड्रोम के विकास की दिशा में हो रहा काम: सिंधिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि लक्षद्वीप में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 24 मार्गों और आठ जल विमान (सी-प्लेन) वाटर एयरोड्रोम के विकास की दिशा में काम जारी है।
नयी दिल्ली, 23 जनवरी नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि लक्षद्वीप में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 24 मार्गों और आठ जल विमान (सी-प्लेन) वाटर एयरोड्रोम के विकास की दिशा में काम जारी है।
भाजपा के राज्यसभा सदस्य राधामोहन दास अग्रवाल को भेजे एक पत्र में केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि लक्षद्वीप के मिनिकॉय में एक नागरिक-सैन्य दोहरे उद्देश्य वाले हवाईअड्डे को विकसित करने के प्रस्ताव पर सौंपी गई मसौदा व्यवहार्यता रिपोर्ट अभी सरकार के विचाराधीन है।
अग्रवाल ने लक्षद्वीप में पर्यटन के विकास के सिलसिले में पिछले साल 22 दिसंबर को सिंधिया से मुलाकात कर एक ज्ञापन भी सौंपा था।
इसके जवाब में सिंधिया ने अग्रवाल को भेजे पत्र में कहा कि लक्षद्वीप में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हवाई यात्रा का विस्तार किया जा रहा है और इसके मद्देनजर नागरिक विमानन मंत्रालय ने उड़ान योजना के तहत जल हवाई अड्डों (वाटर एयरोड्रोम) से सी-प्लेन परिचालन करके परिवहन की एक नयी विधा की शुरुआत की है।
उन्होंने कहा, ‘‘चार दौर की बोली पूरी होने तक आठ वाटर एयरोड्रोम को शामिल करते हुए 24 मार्गों की पहचान की गई है। इनमें कवारत्ती, मिनीकॉय अगत्ती, कलपेनी, बित्रा, कदमत, किल्टन, बंगारम हैं।’’
उन्होंने कहा कि वाटर एयरोड्राम के विकास का कार्य योजना स्तर पर है, जोकि श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है।
सिंधिया ने कहा कि इसके अलावा लक्षद्वीप प्रशासन अगत्ती से एक द्वीप से दूसरे द्वीप जाने के लिए स्पीड वेसल्स और जहाजों के परिचालन के अलावा लक्षद्वीप के द्वीपों से आपातकालीन बचाव के लिए चार हेलीकॉप्टरों का प्रचालन कर रहा है।
उन्होंने बताया कि लक्षद्वीप का अगत्ती हवाई अड्डा 45.85 एकड़ के मौजूदा भूमि क्षेत्र के साथ एक घरेलू हवाई अड्डा है और इसमें नए टर्मिनल भवन, एटीसी टावर टू, विमानों को पार्क करने के लिए एप्रन, दो हेलीकॉप्टर पार्किंग और संबंधित बुनियादी ढांचें के साथ-साथ ए-320 प्रकार के विमानों के संचालन के लिए रनवे को विस्तारित करने का प्रस्ताव है।
उन्होंने बताया कि इसके लिए लक्षद्वीप प्रशासन से अगत्ती द्वीप में अतिरिक्त भूमि का अनुरोध किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि लक्षद्वीप प्रशासन ने मिनिकॉय में एक नागरिक-सैन्य दोहरे उद्देश्य वाले हवाई अड्डे को विकसित करने का प्रस्ताव दिया है, जिसे रक्षा मंत्रालय ने सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दे दी है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने व्यवहार्यता अध्ययन रिपोर्ट तैयार के लिए परामर्शी सेवाओं को कार्य सौंपा है और सलाहकार द्वारा एक मसौदा व्यवहार्यता रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है, जो समीक्षाधीन है।’’
ज्ञात हो कि भारत में सी-प्लेन सेवा को बड़े स्तर पर फैलाने के लिए केंद्र सरकार ने एक योजना को मंजूरी दी थी। इस योजना के तहत देश के विभिन्न राज्यों में सी-प्लेन के अड्डे बनाने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी गई थी। दिसंबर, 2017 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात में सी-प्लेन की सवारी की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)