एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | महिला आयोग ने पीटीआई पत्रकार के साथ एएनआई रिपोर्टर के अभद्र व्यवहार की निंदा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य खुशबू सुंदर ने बेंगलुरु में एएनआई के एक रिपोर्टर द्वारा ‘पीटीआई’ की महिला पत्रकार के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने की निंदा की तथा उसके नियोक्ता द्वारा उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

देश की खबरें | महिला आयोग ने पीटीआई पत्रकार के साथ एएनआई रिपोर्टर के अभद्र व्यवहार की निंदा की

नयी दिल्ली, 28 मार्च राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य खुशबू सुंदर ने बेंगलुरु में एएनआई के एक रिपोर्टर द्वारा ‘पीटीआई’ की महिला पत्रकार के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने की निंदा की तथा उसके नियोक्ता द्वारा उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

पीटीआई की पत्रकार ने बेंगलुरु में एएनआई के रिपोर्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

एएनआई के संपादक नवीन कपूर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने एक पोस्ट में कहा कि संबंधित रिपोर्टर को जांच होने तक निलंबित कर दिया गया है।

यह घटना बेंगलुरु में कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और उनके भाई सांसद डीके सुरेश के एक प्रेस कार्यक्रम के दौरान बृहस्पतिवार को हुई। इस कार्यक्रम में एएनआई रिपोर्टर ने पीटीआई की युवा पत्रकार के साथ मारपीट की और अभद्र व्यवहार किया।

यह घटना वहां मौजूद कैमरे में दर्ज हो गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एएनआई के रिपोर्टर ने महिला पत्रकार के चेहरे पर दो बार थप्पड़ मारा। इस दौरान कुछ पत्रकार उस रिपोर्टर को दूर हटाते हुए देखे गए।

घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एनसीडब्ल्यू सदस्य खुशबू सुंदर ने मामले में कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं उस पुरुष पत्रकार के व्यवहार की कड़ी निंदा करती हूं जिसे आज बेंगलुरु में पीटीआई की महिला पत्रकार के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करते हुए देखा गया है। मैं चाहती हूं कि स्मिता प्रकाश (एएनआई की प्रमुख) तुरंत कार्रवाई करें।’’

नवीन कपूर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘एएनआई किसी भी तरह से पत्रकारों द्वारा की गई हिंसा को स्वीकार नहीं करता है।’’

उन्होंने दावा किया कि पीटीआई का पोस्ट ‘चुनिंदा ढंग का है’ जबकि एएएनआई के रिपोर्टर ने उन्हें जानकारी दी है कि पीटीआई की पत्रकार ने पहले हमला किया और उसने रोकने की कोशिश की।

कपूर ने कहा, ‘‘हमारा रिपोर्टर भी अपने ऊपर हुए अकारण हमले के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करा रहा है। हमें भरोसा है कि कानूनी प्रक्रिया अपना काम करेगी और पूरे तथ्यों का खुलासा करेगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब तक जांच प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, एएनआई रिपोर्टर को निलंबित कर दिया गया है।’’

पीटीआई अपनी रिपोर्ट पर कायम है और इस बात से इनकार करती है कि उसकी पत्रकार ने एएनआई के रिपोर्टर पर हमला किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 28, 2024 09:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).