देश की खबरें | त्रिपुरा पुलिस की महिला कर्मियों ने राष्ट्रपति मुर्मू को दी सलामी गारद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बुधवार को त्रिपुरा पहुंचने पर राज्य पुलिस की महिला कर्मियों ने उन्हें सलामी गारद दी।

अगरतला, 12 अक्टूबर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बुधवार को त्रिपुरा पहुंचने पर राज्य पुलिस की महिला कर्मियों ने उन्हें सलामी गारद दी।

राष्ट्रपति बनने के बाद मुर्मू आज पहली बार दो दिवसीय त्रिपुरा दौरे पर आयी हैं।

राष्ट्रपति भवन ने कार्यक्रम की तस्वीरों के साथ ट्वीट किया है, ‘‘विशेष सम्मान के साथ, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अगरतला पहुंचने पर त्रिपुरा पुलिस की महिला कर्मियों ने उन्हें सलामी गारद दी।’’

बाद में मुर्मू ने पश्चिमी त्रिपुरा जिले के नरसिंहगढ़ में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) का उद्घाटन किया।

वह मोहनपुर सब-डिविजन में स्थित दुर्गाबाड़ी चाय बगान भी गयीं और वहां श्रमिकों से बातचीत की।

चाय बगान में जिन पांच-छह महिला श्रमिकों से राष्ट्रपति ने बातचीत की, उनमें से एक अष्टमी मुंडा से उन्होंने पूछा, ‘‘क्या आप अपने बच्चों को स्कूल भेजती हैं? अपने बच्चों को रोज स्कूल भेजें। आपको सरकारी योजनाओं के तहत चावल और अन्य लाभ मिल रहे हैं।’’

मुर्मू ने चाय बगान के श्रमिकों से यह भी पूछा कि क्या वे वहां मौजूद मुख्यमंत्री माणिक साहा और अपने विधायक कृष्णधन दास को पहचान सकते हैं।

उन्होंने श्रमिकों से पूछा, ‘‘क्या आप मुख्यमंत्री माणिक साहा और विधायक कृष्णधन दास को पहचान सकते हैं।’’ इसपर श्रमिकों ने ‘हां’ में जवाब दिया।

उन्होंने श्रमिकों से कहा, ‘‘ये स्थानीय लोग हैं... अगर आपकी कोई मांग है या कोई समस्या है तो उनसे संपर्क करें।’’

दास ने बाद में पत्रकारों से बताया कि दोनों (राष्ट्रपति और श्रमिकों) के बीच बातचीत बहुत अच्छा रहा।

उन्होंने कहा, ‘‘पहली बार कोई राष्ट्रपति चाय बगान आयी हैं। बहुत अच्छा लग रहा है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now