देश की खबरें | हैदराबाद में दुकान के तहखाने में मिला महिला का शव, बलात्कार की आशंका

हैदराबाद, 21 अप्रैल हैदराबाद के कुकटपल्ली में एक दुकान के तहखाने में एक महिला का शव मिला है। महिला के साथ बलात्कार किए जाने की आशंका है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

दुकान के मालिक ने रविवार सुबह जब दुकान खोली तो शव देखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस दुकान में मशीन की बियरिंग बेची जाती है।

पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में रविवार तड़के दो युवक और महिला तहखाने के अंदर जाते दिखे। करीब 20 मिनट बाद दोनों युवक बाहर निकलते दिखे हैं।

पुलिस ने बताया कि मृतका की आयु करीब 50 वर्ष थी और उसके साथ बलात्कार किए जाने की आशंका है।

पुलिस ने कहा कि महिला की पहचान कर ली गई है और वह घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती थी।

उसने कहा कि दोनों आरोपी युवकों को पकड़ने के लिए तलाश जारी है।

पुलिस ने कहा कि पता चला है कि महिला अकेली रहती थी।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)