संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, पूर्व पार्षद और उसके बेटे पर हत्या का आरोप
पुलिस ने मृतका अंजलि के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस प्रारंभिक जांच के आधार पर मौत की वजह खुदकुशी मान रही है।
मेरठ (उप्र), दो मई उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र में 27 वर्षीय एक महिला कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा दिया। वहीं, मृतका के परिजनों ने पूर्व पार्षद और उसके बेटे पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस ने मृतका अंजलि के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस प्रारंभिक जांच के आधार पर मौत की वजह खुदकुशी मान रही है।
महिला के भाई टीपी नगर थाना क्षेत्र के गोलाबढ़ निवासी अरविंद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी बहन की शादी गढ़ रोड कमालपुर गांव निवासी मोती लाल से करीब चार साल पहले हुई थी। उसका बहनोई मोती लाल पुलिस विभाग में है और इस समय वह शामली जिले में तैनात है।
अरविंद ने बताया कि मोती लाल का एक दोस्त आशीष अंजिल को बहला-फुसलाकर घर से ले गया था और वह उसके साथ रह रही थी। मेरठ के रोहटा रोड का निवासी आशीष भी पुलिस में है।
उन्होंने बताया कि मोती लाल के परिवार और अंजलि के बीच मुकदमा चल रहा है। इस बीच आज सुबह अंजलि की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
अरविंद ने आशीष और उसके पिता पूर्व पार्षद राजू समेत कई के खिलाफ हत्या की तहरीर थाने में दी है।
वहीं, पुलिस फिलहाल इसे खुदकुशी का मामला मान रही है। थाना कंकरखेड़ा प्रभारी बिजेन्द्र पाल राणा ने कहा कि प्राथमिक जांच के अनुसार महिला ने खुदकुशी की है। हत्या के आरोप पर उनका कहना है कि अभी तक घटना को लेकर ऐसे कोई प्रमाण नहीं मिले हैं,जिससे यह साबित हो कि महिला की हत्या की गई है। राणा ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2020 07:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

