अलीगढ़ (उप्र), 16 जुलाई उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के खैर इलाके में मंगलवार को एक महिला थाना परिसर के अंदर संदिग्ध हालात में झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस का दावा है कि महिला को उसके बेटे ने ही आग लगाई थी। उन्होंने कहा कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
महिला के परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि उसने खुद को आग लगा ली क्योंकि वह संपत्ति विवाद को लेकर अपनी शिकायत पर पुलिस की निष्क्रियता से परेशान थी। हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजीव सुमन ने बताया कि खैर थाना क्षेत्र के दरकन नगरिया गांव की रहने वाली पीड़िता हेमलता (45) का अपने ही परिवार के सदस्यों से संपत्ति को लेकर विवाद था। पुलिस आज थाने में मामले को सुलझाने की कोशिश कर रही थी।
उन्होंने बताया कि इसी बीच महिला थाने से बाहर चली गई और बाद में अपने बेटे गौरव (25) के साथ वापस आई। उसने अचानक लाइटर निकाला और अपनी मां को आग लगा दी। महिला को बचाने की कोशिश में घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। करीब 40 प्रतिशत तक जल चुकी महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है ।
सुमन ने बताया कि "सीसीटीवी फुटेज से पुष्टि होती है कि महिला के बेटे ने उसे आग लगाने के लिए लाइटर का इस्तेमाल किया। आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।"
उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि पुलिस ने महिला की शिकायत के मामले में कोई लापरवाही बरती है। उनका दावा है कि संपत्ति विवाद पर महिला द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट पर पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है।
सं सलीम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY