खेल की खबरें | मौरिस की ताबड़तोड पारी से बेंगलोर ने छह विकेट पर 171 रन बनाये

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. कप्तान विराट कोहली की 48 रन की पारी के बाद क्रिस मौरिस की आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ 25 रन की नाबाद पारी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में गुरूवार को यहां पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 171 रन बनाये।

शारजाह, 15 अक्टूबर कप्तान विराट कोहली की 48 रन की पारी के बाद क्रिस मौरिस की आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ 25 रन की नाबाद पारी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में गुरूवार को यहां पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 171 रन बनाये।

कोहली ने 39 गेंद की पारी में तीन चौके लगाये लेकिन हरफनमौला मौरिस ने आठ गेंद में तीन छक्के और एक चौका जड़ित नाबाद 25 रन बनाये। इसुरु उदाना (पांच गेंद में 10 रन) ने भी आखिरी ओवर में छक्का लगाया जिससे टीम ने चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

यह भी पढ़े | RCB vs KXIP 31st IPL Match 2020: रॉयल्स चैलेंजर्स बैंगलोर ने किंग्स इलेवन पंजाब को दिया 172 रनों का लक्ष्य.

बेंगलोर ने मोहम्मद शमी के आखिरी ओवर में 24 रन जुटाये जिसमें तीन छक्के लगे।

पंजाब की टीम ने इस मैच लिए तीन बदलाव किये थे जिसमें मौजूदा सत्र में पहली बार वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल को मैदान में उतरने का मौका मिला। टीम में स्पिनर मुरूगन अश्विन और दीपक हुड्डा को भी जगह दी गयी।

यह भी पढ़े | IPL 2020: विराट कोहली ने मैदान में एक्सरसाइज करते हुए किया जमकर डांस, देखें वीडियो.

टॉस गंवाने के बाद पंजाब के ग्लेन मैक्सवेल ने गेंदबाजी का आगाज किया जिनकी छठी गेंद पर आरोन फिंच ने छक्का लगाया। उन्होंने दूसरे ओवर में भी मोहम्मद शमी की गेंद पर चौका लगाया। देवदत्त पडीक्कल ने भी इसके बाद अर्शदीप सिंह पर चौका और मोहम्मद शमी पर छक्का लगाकर हाथ खोला। वह हालांकि पांचवें ओवर में अर्शदीप की पहली गेंद पर निकोलस पूरन को कैच थमा बैठे। उन्होंने 12 गेंद में 18 रन बनाये।

इसके बाद बल्लेबाजी के लिये आये कप्तान विराट कोहली ने इस ओवर में दो शानदार चौके लगाये। पावर प्ले में टीम का स्कोर एक विकेट पर 57 रन था।

मुजीब उर रहमान की जगह टीम में शामिल हुए एम अश्विन ने अपने पहले ही ओवर फिंच को बोल्ड किया। उन्होंने 18 गेंद में 20 रन बनाये।

इसके बाद एबी डिविलियर्स की जगह वाशिंगटन सुंदर बल्लेबाजी के लिये आये लेकिन पंजाब के स्पिनरों ने उन्हें और कोहली को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में सुंदर अश्विन की गेंद पर क्रिस जोर्डन को कैच थमा बैठे। उन्होंने 14 गेंद में 13 रन बनाये। सुंदर के आउट होने के बाद कोहली का साथ देने मैदान पर शिवम दुबे आये।

पंजाब के स्पिनरों ने हालांकि छठे ओवर से 13वें ओवर तक सिर्फ 48 रन दिये। दुबे ने रवि विश्नोई पर लगातार दो छक्के लगाकर रन दबाव को कम किया। पारी के इस 15वें ओवर में 19 रन बने।

दुबे हालांकि 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में जोर्डन की गेंद पर विकेटकीपर लोकेश राहुल को कैच थमा बैठे। उन्होंने 19 गेंद में 23 रन बनाने के साथ चौथे विकेट के लिए कोहली के साथ 41 रन की साझेदारी की।

पारी के 18वें ओवर में गेंदबाजी के लिए शमी ने डिविलियर्स और कोहली का विकेट लेकर बेंगलोर को बड़ा झटका दिया। डिविलियर्स दो रन बनाकर हुड्डा को कैच थमा बैठे जबकि कोहली दो रन से अर्धशतक से चूक गये। उनकी 39 गेद की पारी का अंत राहुल ने शानदार कैच लपक कर किया।

बेंगलोर की टीम रन गति को तेज करने के लिए संघर्ष कर रही थी लेकिन मौरिस और उदाना ने आखिरी दो ओवरों में 34 रन जोड़कर टीम को 171 रन के स्कोर तक ले गये।

पंजाब के लिए अश्विन ने चार ओवर में सिर्फ 23 रन देकर दो सफलता हासिल की। शमी को भी दो सफलता मिली लेकिन उनके चार ओवर में 45 रन बने। जोर्डन और अर्शदीप को एक-एक सफलता मिली।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\