एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | गायकवाड़ की शतकीय पारी से सीएसके ने एलएसजी को दिया 211 रन का लक्ष्य

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की नाबाद शतकीय पारी और शिवम दुबे के साथ चौथे विकेट के लिए 46 गेंद में 104 रन की शानदार साझेदारी के दम पर चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में मंगलवार को यहां चार विकेट पर 210 रन बनाये।

खेल की खबरें | गायकवाड़ की शतकीय पारी से सीएसके ने एलएसजी को दिया 211 रन का लक्ष्य

चेन्नई, 23 अप्रैल कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की नाबाद शतकीय पारी और शिवम दुबे के साथ चौथे विकेट के लिए 46 गेंद में 104 रन की शानदार साझेदारी के दम पर चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में मंगलवार को यहां चार विकेट पर 210 रन बनाये।

गायकवाड़ ने 60 गेंद की नाबाद पारी में 12 चौके और तीन छक्के लगाये दुबे ने 27 गेंद की ताबड़तोड़ पारी में सात छक्के और तीन चौके लगाये।

दोनों की शानदार साझेदारी से टीम पावर प्ले में धीमी बल्लेबाजी (दो विकेट पर 49) से उबरने में सफल रही।

पारी के पहले ओवर में अजिंक्य रहाणे (एक) के आउट होने के बाद गायकवाड़ ने एक छोर संभाले रखा और  रन गति को ज्यादा कम नहीं होने दिया। हेनरी की गेंद पर विकेट के पीछे कप्तान लोकेश राहुल ने रहाणे का शानदार कैच लपका।

गायकवाड़ ने अपनी पारी में ताकतवर शॉट लगाने की जगह टाइमिंग से गेंद को गैप में खेल कर लगातार अंतराल पर चौके लगाये।

उन्होंने इस दौरान 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

गायकवाड़ ने इससे पहले डेरिल मिचेल (11) और रविंद्र जडेजा (16) के साथ पारी को संवारने का काम किया। खराब लय में चल रहे रचिन रविंद्र की जगह टीम में शामिल हुए मिचेल चार रन के स्कोर पर मिले जीवनदान का फायदा उठाने में नाकाम रहे। जडेजा भी 19 गेंद की पारी में प्रभाव नहीं छोड़ सके।

दुबे के क्रीज पर आने के बाद गायकवाड़ के कंधे से दबाव कम हुआ। दुबे ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कुछ बड़े शॉट लगाये। बाये हाथ के इस बल्लेबाज ने 13वें ओवर में मार्कस स्टोइनिस के खिलाफ टीम का पहला छक्का लगाया।

गायकवाड़ ने भी ऑस्ट्रेलिया के इस हरफनमौला के खिलाफ अपना पहला छक्का जड़ा।

दुबे ने यश ठाकुर के खिलाफ हैट्रिक छक्का लगाकर टीम की रन गति को तेज किया। गायकवाड़ ने 18वें ओवर में यश की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से छक्का और फिर चौका लगाकर आईपीएल का अपना दूसरा शतक पूरा किया।

अगले ओवर में दुबे ने मोहसिन के खिलाफ चौका और छक्का लगाकर 22 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह अंतिम ओवर की चौथी गेंद पर रन आउट हुए।

क्रीज पर आये महेंद्र सिंह धोनी (नाबाद चार) ने आखिरी गेंद पर चौका जड़कर स्कोर को 210 रन तक पहुंचा दिया।

आनन्द

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2024 11:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).