विदेश की खबरें | प्रिंस फिलिप के अंतिम संस्कार में विलियम व हैरी साथ साथ नहीं चलेंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. दोनों भाइयों के बीच हाल के दिनों में संबंध तनावपूर्ण रहे हैं।
दोनों भाइयों के बीच हाल के दिनों में संबंध तनावपूर्ण रहे हैं।
बकिंघम पैलेस ने महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति के अंतिम संस्कार कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा बृहस्पतिवार को जारी की। प्रिंस फिलिप का नौ अप्रैल को 99 साल की उम्र में निधन हो गया था।
शाही महल ने खुलासा किया है कि ताबूत के पीछे चलते समय विलियम और हैरी के बीच उनके रिश्ते के भाई पीटर फिलिप्स होंगे।
सिंहासन के उत्तराधिकारी और राजकुमारों के पिता प्रिंस चार्ल्स,अपनी बहन, प्रिंसेस ऐनी के साथ 15 सदस्यीय जुलूस का नेतृत्व करेंगे।
इस बीच शाही महल ने कहा कि प्रिंस फिलिप के अंतिम संस्कार में शाही परिवार के वरिष्ठ सदस्य असैनिक कपड़े पहनेंगे। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के इस फैसले का अर्थ है कि प्रिंस हैरी अपने दादा के अंतिम संस्कार के दौरान शाही परिवार के ऐसे एकमात्र सदस्य नहीं होंगे जो सैन्य वर्दी में नहीं होंगे।
शाही परिवार के सदस्य अक्सर ब्रिटिश सेना, नौसेना और वायुसेना में अपनी मानद भूमिकाओं के आधार पर सार्वजनिक कार्यक्रमों में सैन्य वर्दी पहनते हैं। लेकिन हैरी ने अपना मानद सैन्य खिताब उस समय खो दिया था, जब पिछले साल उन्होंने अपना शाही खिताब छोड़ने का फैसला किया।
इसके फलस्वरूप, प्रोटोकॉल के अनुसार सेना में काम कर चुके हैरी शाही कार्यक्रमों में पदक के साथ सूट पहन सकते हैं। हैरी अफगानिस्तान में सैन्य ड्यूटी कर चुके हैं।
प्रिंस फिलिप का अंतिम संस्कार शनिवार को विंडसर कैसल में होने वाला है। कोरोना वायरस प्रतिबंध के कारण इस कार्यक्रम में 30 लोग भाग ले सकते हैं।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)