पणजी, दो नवंबर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि वह गोवा में एक पुल की परियोजना पर काम कर रहे चीनी परामर्शक को वीजा देने के लिए विदेश मंत्रालय को पत्र लिखेंगे।
उन्होंने तटीय राज्य में विभिन्न बुनियादी ढांचा संबंधी परियोजनाओं की समीक्षा करने के बाद यहां डोना पाउला में पत्रकारों से कहा कि पणजी-मारगांव राष्ट्रीय राजमार्ग पर जुआरी नदी पर बन रहे पुल का काम कोविड-19 महामारी के कारण बाधित हो गया था।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा, ’’यह आधुनिक और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पुलों में से एक होगा। हमने पुल पर एक गैलरी, संग्रहालय और घूमने वाला रेस्त्रां बनाने की योजना बनायी है। यह पर्यटन के लिहाज से आकर्षण का केंद्र होगा।’’
उन्होंने बताया कि इस परियोजना का परामर्शक चीन का नागरिक है। उन्होंने कहा, ‘‘परामर्शक को वीजा नहीं मिल पा रहा है जिसके लिए गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पहले ही विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर उनसे उन्हें भारत के लिए वीजा देने का अनुरोध किया है।’’
गडकरी ने कहा कि वह भी निजी रूप से विदेश मंत्रालय को पत्र लिखेंगे और चीनी परामर्शक को वीजा देने का अनुरोध करेंगे।
उन्होंने बताया कि पुल के जिस हिस्से का निर्माण पूरा हो चुका है, उसका उद्घाटन इस साल तीन दिसंबर को किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र ने राज्य सरकार के अनुरोध के बाद नए जुआरी पुल पर टोल प्लाजा बनाने का प्रस्ताव वापस ले लिया है। उन्होंने कहा, ‘‘जिन स्थानों की पहचान टोल बूथ के रूप में की गयी थी उनका इस्तेमाल सड़क किनारे सुविधाएं उपलब्ध कराने में किया जाएगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY