एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | अगले साल विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतने की कोशिश करूंगा : नीरज चोपड़ा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतकर इतिहास रचने वाले ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा ने कहा कि अगले साल वह स्वर्ण पदक जीतने की कोशिश करेंगे ।

देश की खबरें | अगले साल विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण जीतने की कोशिश करूंगा : नीरज चोपड़ा

नयी दिल्ली, 24 जुलाई विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतकर इतिहास रचने वाले ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा ने कहा कि अगले साल वह स्वर्ण पदक जीतने की कोशिश करेंगे ।

पदक के प्रबल दावेदार के रूप में उतरे भालाफेंक स्टार चोपड़ा ने 88 . 13 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता । वह गत चैम्पियन ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स से पीछे रह गए जिन्होंने 90 . 54 मीटर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया ।

भारत के लिये विश्व चैम्पियनशिप में एकमात्र पदक 2003 में पेरिस में अंजू बॉबी जॉर्ज ने लंबी कूद में कांस्य जीता था । चोपड़ा ने विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भारत का 19 साल का इंतजार खत्म करते हुए इतिहास पुस्तिका में अपना नाम दर्ज कराया ।

प्रतिस्पर्धा के बाद चोपड़ा ने साइ द्वारा जारी वीडियो में कहा ,‘‘ काफी अच्छा लग रहा है आज । देश के लिये रजत जीता है । अगले साल फिर विश्व चैम्पियनशिप है और कोशिश करेंगे कि उसमें स्वर्ण जीतें ।’’

अगली विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप हंगरी के बुडापेस्ट में 18 से 27 अगस्त तक खेली जायेगी ।

उन्होंने आगे कहा ,‘‘ मैं साइ, टॉप्स (टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना), एथलेटिक्स महासंघ और भारत सरकार को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होने मुझे इतना सपोर्ट किया । मुझे विदेशी कोच दिया और बाहर ट्रेनिंग के लिये भेजा जिससे मैं विदेश में हर अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा खेल सकता हूं ।’’

चोपड़ा ने कहा ,‘‘ मैं आशा करता हूं कि हर खेल में ऐसा ही सहयोग मिलता रहेगा और हमारा देश खेल में आगे तरक्की करेगा । ’’

उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा ,‘‘ यहां काफी कठिन प्रतिस्पर्धा थी । एंडरसन पीटर्स ने तीन थ्रो 90 प्लस लगाये जो बहुत अच्छा प्रदर्शन था ।’’

उन्होंने कहा कि उनके लिये असली चुनौती ओलंपिक वाले स्तर पर लौटने की थी और उन्हें खुशी है कि मेहनत रंग लाई ।

उन्होंने कहा ,‘‘ट्रेनिंग का समय कम था और सबसे बडी चुनौती थी कि खुद को उस स्तर तक लेकर आये । बहुत मेहनत की । ओलंपिक के बाद से असली खेल का पता लगा कि कितनी मेहनत करनी पड़ती है प्रदर्शन का स्तर बरकरार रखने के लिये ।’’

इस सत्र में शानदार प्रदर्शन कर रहे चोपड़ा ने कहा ,‘‘ मैं अच्छा प्रदर्शन कर पा रहा हूं । दो बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है । यहां पहले दो थ्रो अच्छे नहीं रहे लेकिन मुझे यकीन था कि एक अच्छा थ्रो निकलेगा । नतीजे से खुश हूं कि पदक तो जीता ।’’

जमीन

मोना

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 24, 2022 11:23 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).