जरुरी जानकारी | एयर इंडिया पायलटों के साथ विमान दुर्घटना की प्रारंभिक रिपोर्ट की समीक्षा करेगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. एयर इंडिया ने शनिवार को कहा कि वह 12 जून को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट की समीक्षा के लिए आने वाले दिनों में विशेष सत्र आयोजित करेगी, जिनमें पायलटों को भी शामिल किया जाएगा।
मुंबई, 12 जुलाई एयर इंडिया ने शनिवार को कहा कि वह 12 जून को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट की समीक्षा के लिए आने वाले दिनों में विशेष सत्र आयोजित करेगी, जिनमें पायलटों को भी शामिल किया जाएगा।
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एआईआईबी) ने शनिवार सुबह 15 पृष्ठों की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट जारी की। इसमें पाया गया कि एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई171 के दोनों इंजनों को ईंधन की आपूर्ति एक सेकंड के अंतर में बंद हो गई थी, जिससे कॉकपिट में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई और विमान उड़ान भरने के लगभग तुरंत बाद ही वापस जमीन पर गिर गया।
एयर इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (उड़ान परिचालन) मनीष उप्पल ने पायलटों को लिखे एक पत्र में कहा, ''12 जून को अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही हमारी उड़ान संख्या एआई171 से जुड़ी हालिया दुखद दुर्घटना की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट आधिकारिक तौर पर जारी कर दी गई है। विमानन पेशेवर होने के नाते, हम समझते हैं कि सुरक्षा से जुड़ी हर घटना से सुरक्षित उड़ान सुनिश्चित करने के लिए सीख लेना सबसे महत्वपूर्ण है।''
उन्होंने कहा कि इस त्रासदी ने विमानन जगत और एयर इंडिया के पायलट समुदाय को गहराई से प्रभावित किया है।
उन्होंने पत्र में कहा, ''प्रारंभिक रिपोर्ट एयरलाइन को शुरुआती जानकारी देती है। यह अंतिम निर्णय नहीं है, बल्कि कारकों की पहचान करने और यह सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है कि ऐसी त्रासदी को रोकने के लिए सभी संभव उपाय किए जाएं।''
उन्होंने पत्र में यह भी कहा कि पायलटों को दबाव का सामना करने, लगातार सीखने और सबसे जरूरी समय पर निर्णायक रूप से काम करने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है।
उप्पल ने पत्र में कहा, ''हम आने वाले दिनों में रिपोर्ट की समीक्षा के लिए एक विशेष सत्र आयोजित करेंगे।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2025 07:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

