एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उप्र में उम्मीदवार नहीं उतारेंगे, ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशियों का समर्थन करेंगे: कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने संविधान, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की रक्षा के लिए उत्तर प्रदेश में विधानसभा उपचुनावों में अपने उम्मीदवार नहीं उतारने तथा समाजवादी पार्टी (सपा) के चुनाव चिन्ह ‘साइकिल’ पर लड़ रहे प्रत्याशियों के समर्थन का फैसला किया है।

देश की खबरें | उप्र में उम्मीदवार नहीं उतारेंगे, ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशियों का समर्थन करेंगे: कांग्रेस

नयी दिल्ली, 24 अक्टूबर कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने संविधान, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की रक्षा के लिए उत्तर प्रदेश में विधानसभा उपचुनावों में अपने उम्मीदवार नहीं उतारने तथा समाजवादी पार्टी (सपा) के चुनाव चिन्ह ‘साइकिल’ पर लड़ रहे प्रत्याशियों के समर्थन का फैसला किया है।

कांग्रेस महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि पार्टी नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श करने के बाद समाज, प्रदेश और देश के हित में यह निर्णय लिया गया है।

इससे पहले, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को ऐलान किया था कि 13 नवंबर को होने वाले उपचुनाव में सभी नौ सीट पर ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के उम्मीदवार उनकी पार्टी के चुनाव चिह्न ‘साइकिल’ पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस और सपा एकजुट हैं और ‘इंडिया’ उपचुनाव में जीत की नई इबारत लिखेगा।

पांडे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मल्लिकार्जुन खरगे जी, राहुल गांधी जी, प्रियंका गांधी जी तथा के सी वेणुगोपाल के साथ गहन चर्चा की गई। आज जिस तरह से सामाजिक तनाव बढ़ रहा है और जिस उद्देश्य से ‘इंडिया’ गठबंधन का गठन किया गया था, उसे देखते हुए आज अपने संगठन और पार्टी को बचाने का समय नहीं है, बल्कि संविधान बचाने, सामाजिक सौहार्द और भाईचारा बचाने का है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने फैसला किया है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस अपने उम्मीदवार नहीं उतारेगी। ‘इंडिया’ गठबंधन यानी सपा के सभी उम्मीदवारों को जिताने के लिए पूरा समर्थन करेगी।’’

पांडे ने दावा किया कि अगर आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को नहीं रोका गया तो संविधान, सौहार्द और भाईचारा खतरे में पड़ जाएगा।

उनका कहना था, ‘‘पिछले दिनों उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उन सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में 'संविधान बचाओ संकल्प सम्मलेन' का आयोजन किया था जहां उपचुनाव होने हैं। अगर आज भाजपा को नहीं रोका गया, तो आने वाले समय में संविधान, भाई-चारा, आपसी सौहार्द कमजोर हो जाएगा।’’

पांडे ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया है कि इन चुनावों में भाजपा को कड़ी शिकस्त देनी है, ताकि आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में सकारात्मक प्रभाव हो।

कांग्रेस महासचिव ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी उम्मीदवारों को हमारे कार्यकर्ताओं का सहयोग मिलेगा और उनकी जीत सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।’’

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ‘इंडिया’ गठबंधन एकजुट है और उत्तर प्रदेश की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 24, 2024 05:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).