नये तौर तरीकों के अनुरूप खुद को ढालना होगा , लार के इस्तेमाल पर संभावित रोक पर बोले ईशांत
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद कोरोना महामारी के चलते गेंद पर लार की बजाय कृत्रिम पदार्थ के इस्तेमाल की अनुमति देने की सोच रही है । इस विकल्प पर क्रिकेट जगत की मिली जुली प्रतिक्रया है ।
नयी दिल्ली, 18 मई भारत के सीनियर तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने कहा है कि अगर आईसीसी कोरोना वायरस महामारी के कारण गेंद को चमकाने के लिये लार के इस्तेमाल पर रोक लगाती है तो तेज गेंदबाजों को नये तौर तरीकों के लिये तैयार रहना होगा ।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद कोरोना महामारी के चलते गेंद पर लार की बजाय कृत्रिम पदार्थ के इस्तेमाल की अनुमति देने की सोच रही है । इस विकल्प पर क्रिकेट जगत की मिली जुली प्रतिक्रया है ।
आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स के साथ इंस्टाग्राम लाइव पर ईशांत ने कहा ,‘‘ हम जानते हैं कि क्रिकेट में बदलाव और नये नियमों पर बात हो रही है लेकिन मेरा मानना है कि क्रिकेटरों को इसके अनुकूल ढलना होगा ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ लार का इस्तेमाल नहीं करने पर गेंद आपके हिसाब से चमकेगी नहीं लेकिन कुछ और नहीं किया जा सकता । वैसे मैं इन चीजों के बारे में ज्यादा नहीं सोचता । मेरा मानना है कि भविष्य के बारे में ज्यादा सोचे बिना वर्तमान में जीना चाहिये ।’’
ईशांत ने बातचीत में यह भी कहा कि उन्हें रिकी पोंटिंग से बढिया कोच नहीं मिला जिन्होंने पिछले साल आईपीएल में वापसी पर उन्हें यह महसूस कराया कि उनकी कितनी जरूरत है ।
पिछली बार बिक नहीं सके ईशांत को दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा ।
ईशांत ने कहा ,‘‘ मैने रिकी से बढिया कोच नहीं देखा । पिछले सत्र में आईपीएल में वापसी करते समय मैं काफी नर्वस था । लग रहा था कि क्रिकेट में पदार्पण कर रहा हूं । उन्होंने मुझे पहले दिन से सहज महसूस कराया और कहा कि सीनियर होने के नाते मुझे जूनियर गेंदबाजों की मदद करनी है । उससे मुझे काफी फायदा मिला।’’
लॉकडाउन के दौरान अपनी दिनचर्या के बारे में उन्होंने कहा ,‘‘ मैं सुबह पांच बजे उठता हूं और कोशिश करता हूं कि दौड़ सकूं । इसके बाद जिम करता हूं । अपनी फिटनेस को लेकर अनुशासित रहना बेहद जरूरी है ।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2020 01:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

