देश की खबरें | मुठभेड़ में शहीद हुए डीएसपी हुमायूं भट की पत्नी को अपने पति की शहादत पर गर्व
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) हुमायूं भट को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से नवाजे जाने की घोषणा के बाद उनकी पत्नी गौरवान्वित महसूस कर रही हैं, लेकिन उनका गमगीन चेहरा बयां करता है कि जीवन अब पहले जैसा नहीं रहा।
श्रीनगर/ नयी दिल्ली, 18 अगस्त दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) हुमायूं भट को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से नवाजे जाने की घोषणा के बाद उनकी पत्नी गौरवान्वित महसूस कर रही हैं, लेकिन उनका गमगीन चेहरा बयां करता है कि जीवन अब पहले जैसा नहीं रहा।
भट को पिछले वर्ष सितम्बर में दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान ‘‘अदम्य साहस’’ का परिचय देने के लिए यह पुरस्कार दिया जाएगा।
भट की पत्नी फातिमा ने रुंधे गले से कहा, ‘‘मुझे अपने पति के बलिदान पर गर्व है।’’
भट(32) उन चार बहादुर अधिकारियों में से एक थे, जिन्होंने 13 सितंबर 2023 को आतंकवादियों के साथ भीषण मुठभेड़ में अपनी जान गंवा दी थी।
कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष धौंचक और सिपाही प्रदीप सिंह ने भी कोकरनाग के पर्वतीय क्षेत्र में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान अपने प्राण न्यौछावर किये थे।
जम्मू-कश्मीर के दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को फातिमा और उनके बेटे से मुलाकात की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक अलंकरण समारोह में यह पुरस्कार प्रदान करेंगी लेकिन अभी तारीख की घोषणा नहीं की गई है।
शहीद भट के घर में उनकी एक बड़ी सी तस्वीर लगाई गई है। वहां बैठी फातिमा ने अपने पति के साथ बिताए पलों को याद किया। उन्होंने कहा, ‘‘वह सिर्फ एक पुलिस अधिकारी नहीं थे, वह मेरे साथी, मेरे दोस्त और हमारे बेटे के पिता थे।’’
भट का बेटा अली अशर एक वर्ष का है और इस बातचीत के दौरान उसकी नजरें अपने पिता की तस्वीर की ओर थी।
फातिमा ने अपने बेटे को बहादुरी और ईमानदारी सिखाने का दृढ़ संकल्प जताया। फातिमा हाल में कश्मीर विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर बनी हैं। यह पद शहीद अधिकारियों के निकटतम परिजन को दिया जाता है।
फातिमा क्लीनिकल साइकोलॉजी में एम.फिल हैं। उन्होंने कहा,‘‘ मैं हुमायूं की विधवा कहलाना नहीं चाहती। मैं हमेशा उनकी पत्नी रहूंगी।’’
फातिमा ने उस पल को याद किया जब हुमायूं ने उन्हें वीडियो कॉल किया था। ‘‘उनके अंतिम शब्द थे ‘‘बेबी मुझे गोली लग गई। मैं तुमसे प्यार करता हूं, मुझे माफ कर दो, मेरे लिए अशर का ख्याल रखना।’’
इस वर्ष की शुरुआत में फातिमा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने का अवसर मिला था। उन्होंने कहा,‘‘ यह देखकर मुझे बहुत संतुष्टि हुई कि सरकार ने मेरे पति की बहादुरी को पूरा सम्मान दिया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 18, 2024 02:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

