देश की खबरें | पति की हत्या के आरोप में पत्नी और उसका प्रेमी गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ललितपुर जिले में एक युवक की कथित हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
ललितपुर (उप्र), 17 दिसंबर ललितपुर जिले में एक युवक की कथित हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
ललितपुर के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि "मंगलवार सुबह जाखलौन नहर की पुलिया के पास बुढ़वार गांव के मनोज निगम (38) का खून से लथपथ शव पाया गया था। शव पर चाकुओं के गोदे जाने के निशान पाए गए थे।’’
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के बाद मृतक की पत्नी दीपमाला (32) और उसके (दीपमाला के) प्रेमी जयराम सेन (20) को हत्या और साजिश रचने के अपराध में बुधवार को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि दीपमाला और सेन एक ही बेकरी में काम करते थे।
एएसपी ने कहा, ‘‘बेकरी में साथ काम करने के दौरान दीपमाला और जयराम सेन के बीच कथित प्रेम संबंध बन गए थे, जिसकी भनक मनोज को लग गयी थी और इसे लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद भी होता था।’’
उन्होंने कहा, "घटना की रात सेन मोटरसाइकिल से मनोज के घर गया था और उसे अपने साथ ले गया था। इसी दौरान जयराम ने जाखलौन नहर की पुलिया के पास मनोज की चाकुओं से गोदकर कथित रूप से हत्या कर दी और शव वहीं फेंककर फरार हो गया। मनोज की हत्या के बाद उसकी पत्नी दीपमाला अपने मायके चली गयी थी।"
सिंह ने कहा कि मनोज के भांजे शुभम ने ललितपुर कोतवाली में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई। गिरफ्तार जयराम के खिलाफ मनोज की हत्या करने और दीपमाला के खिलाफ हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 17, 2020 11:23 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

