देश की खबरें | संक्रमितों के सम्पर्क में आये लोगों का पता लगाने के दौरान लोग नहीं दे पाते पूरी जानकारी: अधिकारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में कोविड-19 और उसके स्वरूप ओमीक्रोन के बढ़ते मामलों के बीच संक्रमितों के सम्पर्क में आये व्यक्तियों का पता लगाने में लगी निगरानी टीमों के लिए कई तरह की बाधाएं सामने आ रही हैं।
नयी दिल्ली, 31 दिसंबर दिल्ली में कोविड-19 और उसके स्वरूप ओमीक्रोन के बढ़ते मामलों के बीच संक्रमितों के सम्पर्क में आये व्यक्तियों का पता लगाने में लगी निगरानी टीमों के लिए कई तरह की बाधाएं सामने आ रही हैं।
इनमें कोविड-19 संक्रमित व्यक्तियों द्वारा अपने सम्पर्क में आये व्यक्तियों एवं उन गतिविधियों के बारे में जानकारी देने में असमर्थता शामिल हैं जिससे संक्रमण का प्रसार होने की आशंका है। इसके अलावा ऐसे कुछ व्यक्ति भी हैं जो जानकारी छुपाते हैं।
दिल्ली में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 1,313 नये मामले सामने आये थे जो 26 मई के बाद एक दिन में सामने आने मामलों की सबसे अधिक संख्या है। वहीं संक्रमण दर 1.73 प्रतिशत हो गई है।
अब तक जिन 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ओमीक्रोन के मामले सामने आये हैं, उनमें से महाराष्ट्र में सबसे अधिक 450 मामले सामने आये हैं। इसके बाद दिल्ली (320), केरल (109) और गुजरात (97) का स्थान है।
दिल्ली सरकार ने ‘जांच, संक्रमितों का पता लगाने और इलाज’ रणनीति पर विशेष जोर दिया है, जिसमें निगरानी, निषिद्ध क्षेत्रों को अलग करना, संक्रमितों को पृथक करना और संचरण की श्रृंखला को तोड़ने के लिए घर पर पृथक व्यक्तियों के मामलों की करीबी निगरानी पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
रणनीति पर काम करते हुए कई निगरानी टीमों को दिल्ली के 11 जिलों में संक्रमितों के सम्पर्क में आये व्यक्तियों का पता लगाने के कार्य में लगाया गया है। इनमें स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन और नागरिक निकायों के अधिकारी शामिल हैं।
इसमें लगे अधिकारियों के अनुसार, सबसे आम समस्या लोगों में भूलना है। अधिकारियों ने कहा कि लोग संक्रमण की चपेट में आने की अवधि के दौरान की अपनी गतिविधियों का उचित लेखा-जोखा देने में असमर्थ हैं ।
नयी दिल्ली जिले के एक अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर कहा कि संक्रमितों के सम्पर्क में आये व्यक्तियों का पता लगाना इस बात पर निर्भर करता है कि कोई व्यक्ति क्या बता सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘लोगों की याददाश्त कम होती है। उन्हें पिछले 14 दिनों के भीतर संपर्क में आए लोगों के बारे में जानकारी साझा करनी होती है और लोगों के लिए यह याद करना मुश्किल होता है कि वे इतने लंबे समय के दौरान कहां गए थे। वे केवल यह याद करने में सक्षम हैं कि वे पिछले दो-तीन दिन कहां गए थे।’’
अधिकारी ने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति जो वायरस से संक्रमित है, उसने दिल्ली मेट्रो से यात्रा की है तो संपर्क में आए लोगों का पता लगाना लगभग असंभव है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें व्यक्ति के कम से कम 30 संपर्कों का पता लगाना है। हालांकि सम्पर्क में आये व्यक्तियों का पता लगाना परिवार के सदस्यों, उनके कार्यालय के व्यक्तियों और उनके पड़ोसियों तक ही सीमित रहती है।’’
पश्चिम जिले के एक अन्य अधिकारी ने कहा कि कई बार लोग जानबूझ कर जानकारी छिपाते हैं और अधूरी संपर्क जानकारी प्रदान करते हैं।
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने मंगलवार को अपने ‘ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान’ (जीआरएपी) के तहत ‘‘येलो’’ अलर्ट जारी किया है, क्योंकि लगातार दो दिनों तक राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 की सकारात्मकता दर 0.5 प्रतिशत से ऊपर दर्ज की गई थी।
डीडीएमए ने बुधवार को एक बैठक में येलो अलर्ट के तहत प्रतिबंधों को जारी रखने और कोई भी नया प्रतिबंध लगाने से पहले ‘‘प्रतीक्षा करें और देखें’’ मोड में रहने का फैसला किया था।
इसने संबंधित अधिकारियों को कोविड-19 और इसके ओमीक्रोन स्वरूप के प्रसार को रोकने के लिए जांच और संक्रमितों के सम्पर्क में आये व्यक्तियों का पता लगाने में तेजी लाने का निर्देश दिया है।
दक्षिण पूर्व जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालय के एक अन्य अधिकारी ने कहा कि चूंकि अधिकांश लोगों में कोई लक्षण नहीं हैं और ओमीक्रोन स्वरूप के तेजी से फैलने को देखते हुए, संक्रमितों के सम्पर्क में आये व्यक्ति का त्रुटिरहित पता लगाना और जांच महत्वपूर्ण हो जाता है।
दिल्ली में प्रतिदिन सामने आने वाले मामलों की संख्या सात महीने के अंतराल के बाद 1,000 अंक को पार कर गई है । 28 मई को दिल्ली में 1,141 मामले सामने आये थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 31, 2021 08:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

