देश की खबरें | चीन को लेकर सेना के बयान पर कांग्रेस को भरोसा है या नहीं: भाजपा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कथित चीनी घुसपैठ के मुद्दे पर सरकार की आलोचना के लिए सोमवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि क्या विपक्षी दल को सेना के बयान पर विश्वास नहीं है।
नयी दिल्ली, 11 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कथित चीनी घुसपैठ के मुद्दे पर सरकार की आलोचना के लिए सोमवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि क्या विपक्षी दल को सेना के बयान पर विश्वास नहीं है।
कांग्रेस ने भारतीय क्षेत्र में चीनी घुसपैठ बढ़ने की बात करते हुए इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया है। प्रतिक्रिया में भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने भी पूर्व प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) बिपिन रावत द्वारा ऐसे दावों को खारिज किये जाने का जिक्र किया है।
त्रिवेदी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा,‘‘मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि उसे भारतीय सेना पर भरोसा है या नहीं, उसे भारतीय सेना प्रमुख के जवाब पर भरोसा है या नहीं? या आप उनके बयान पर राजनीति करना चाहते हैं।’’
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि भारतीय क्षेत्र में ‘बढ़ती चीनी घुसपैठ’ और इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘चुप्पी’ देश के लिए ‘बहुत नुकसानदायक’ हैं।
कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने एक अलग पत्रकार वार्ता में कहा था कि प्रधानमंत्री को भारत में कथित चीनी घुसपैठ के मुद्दे पर देश को विश्वास में लेना चाहिए। कांग्रेस सांसद ने प्रधानमंत्री से राष्ट्रीय सुरक्षा, अखंडता और संप्रभुता के विषयों पर ध्यान देने को कहा।
सरकार पर निशाना साधने के लिए गोगोई द्वारा एक लोकप्रिय फिल्म के नाम के संक्षिप्त रूप ‘डीडीएलजे’ का इस्तेमाल किये जाने पर प्रतिक्रिया में त्रिवेदी ने एक अन्य प्रसिद्ध फिल्म के संक्षिप्त नाम ‘क्यूएसक्यूटी’ का जिक्र किया और कहा कि यह विपक्षी दल के भीतर के हालात को बिल्कुल सही तरीके से बयां करता है। उन्होंने कहा, ‘‘कयामत का हाल है’’।
त्रिवेदी जाहिर तौर पर कांग्रेस के भीतर उठ रहे विद्रोह के स्वर और विशेष रूप से गोवा के ताजा हालात की ओर इशारा कर रहे थे जहां कांग्रेस अपने विधायकों के असंतोष से जूझ रही है।
गोगोई ने कहा था कि चीन के साथ सीमा के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी की रणनीति को ‘डीडीएलजे’ - डिनाई (इनकार करना), डिस्ट्रैक्ट (ध्यान हटाना), लाई (झूठ बोलना), जस्टिफाई (सही ठहराना) से समझा जा सकता है।
त्रिवेदी ने नेशनल हेराल्ड धनशोधन मामले में कांग्रेस नेताओं की कथित संलिप्तता के मुद्दे पर भी विपक्षी दल पर निशाना साधा और कहा कि यह एकमात्र पार्टी होगी जिसकी अध्यक्ष और पूर्व अध्यक्ष भ्रष्टाचार के एक मामले में जमानत पर हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जब 2004 से 2014 तक 10 साल सत्ता में थी तो उसने नेशनल हेराल्ड को छापने वाली और पार्टी से जुड़ी कंपनी एसोसिएटिड जर्नल्स लिमिटेड की 90 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाने में मदद नहीं की, वहीं राजीव गांधी फाउंडेशन को इस अवधि में सरकार के विभागों समेत अनेक स्रोतों से 100 करोड़ रूपये से अधिक चंदा मिला।
उन्होंने कहा, ‘‘आपने (गांधी) परिवार से जुड़े एक फाउंडेशन की इतनी मदद की लेकिन कर्ज में डूबी एक कंपनी की मदद नहीं की। ऐसा इसलिए कि आप कर्ज में डूबी कंपनी की संपत्तियों पर कब्जा करना चाहते थे।’’
त्रिवेदी ने मांग की कि कांग्रेस को इस पर जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस ने इस संबंध में सोनिया और राहुल के खिलाफ मामले दर्ज होने के पीछे भाजपा की प्रतिशोध की राजनीति को जिम्मेदार ठहराया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2022 07:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

