देश की खबरें | जब शकुनी मामा की भूमिका की वजह से गूफी पेंटल को ट्रेन में नहीं मिली सीट
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शकुनी मामा की भूमिका निभाने से मशहूर हुए गूफी पेंटल को टीवी धारावाहिक ‘महाभारत’ के इस किरदार की वजह से एक बार ट्रेन में सीट नहीं मिली थी।
मुंबई, पांच जून शकुनी मामा की भूमिका निभाने से मशहूर हुए गूफी पेंटल को टीवी धारावाहिक ‘महाभारत’ के इस किरदार की वजह से एक बार ट्रेन में सीट नहीं मिली थी।
बीआर चोपड़ा के लोकप्रिय धारावाहिक ‘महाभारत’ में शकुनी मामा का किरदार निभाने की वजह से गूफी पेंटल 1980 के दशक के आखिर में घर-घर में जाना-पहचाना चेहरा बन गए थे।
‘महाभारात’ में भीष्म का किरदार निभाने वाले अभिनेता मुकेश खन्ना ने पेंटल के साथ सफर करने का एक दिलचस्प किस्सा सुनाते हुए बताया कि एक ट्रेन में यात्री पेंटल को शकुनी मामा के किरदार की वजह से सीट देने को राज़ी नहीं हुए।
उन्होंने कहा, “ हम प्रथम श्रेणी के डिब्बे में सवार हो गए लेकिन हमारे पास द्वितीय श्रेणी का टिकट था। टिकट कलेक्टर ने हम दोनों को देखते ही कहा, “ आइए, शकुनी मामा और भीष्म पितामह...’। वो हमारे लिए सीट का इंतजाम करने लगे।
खन्ना ने बताया, “ हम सीट आवंटित किए जाने का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान एक यात्री ने कहा कि वे भीष्म पितमाह को तो बैठा लेंगे लेकिन शकुनी मामा को नहीं बैठाएंगे।”
उन्होंने बताया, “ मैंने उनसे (पेंटल से) कहा कि यह उनकी टीवी पर आने वाली छवि के कारण हो रहा है।”
बहरहाल, ज्यादातर लोगों को यह मालूम नहीं है कि पेंटल ने धारावाहिक के अहम चरित्रों के लिए कई कलाकारों का चयन करने में अहम भूमिका निभाई थी।
पेंटल का उम्र संबंधी समस्याओं की वजह से निधन हो गया । वह 79 साल के थे।
खन्ना ने बताया कि पेंटल ने ही उन्हें महाभारत धारावाहिक के वास्ते ऑडिशन के लिए बुलाया था और यह भूमिका उनके करियर में सबसे अहम साबित हुई।
उनका संबंध दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले धारावाहिक के साथ शुरू हुआ था और उन्होंने पेंटल को 2013 में ‘हमारा हीरो शक्तिमान’ टीवी फिल्म में एक भूमिका दी थी।
खन्ना ने पीटीआई- से कहा, “ मेरा उनके साथ 'महाभारत' के समय से एक लंबा रिश्ता था और मैंने उन्हें 'हमारा हीरो शक्तिमान' में कास्ट (चयन) किया, जिसमें उन्होंने डॉ जैकॉल की भूमिका निभाई थी। हमने एक साथ टकराव वाले दृश्य किए थे जिन्हें राही मासूम रज़ा ने खूबसूरती से लिखा था। ‘महाभारत’ का एक बेहद मशहूर किरदार शकुनी था और उन्होंने इसे बहुत अच्छी तरह से निभाया था।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)