एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | कोहली ने जो अकेले किया, गिल, पंत और जायसवाल भारत को उसी तरह आगे ले जा सकते हैं: वॉन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन का मानना ​​है कि विराट कोहली की अनुपस्थिति में भारतीय टेस्ट टीम को आगे ले जाने की जिम्मेदारी नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत को मिलकर उठानी होगी।

खेल की खबरें | कोहली ने जो अकेले किया, गिल, पंत और जायसवाल भारत को उसी तरह आगे ले जा सकते हैं: वॉन

बर्मिंघम, चार जुलाई इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन का मानना ​​है कि विराट कोहली की अनुपस्थिति में भारतीय टेस्ट टीम को आगे ले जाने की जिम्मेदारी नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत को मिलकर उठानी होगी।

वॉन ने कहा कि कोहली ने अपने समय में अकेले ही यह जिम्मेदारी उठाई थी।

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में अब तक के प्रदर्शन को देखते हुए ऐसा लगता है कि भारतीय बल्लेबाजी क्रम कोहली और रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में आराम से आगे बढ़ रहा है। लेकिन वॉन ने पीटीआई को दिए साक्षात्कार में कहा कि अच्छी शुरूआत का यह मतलब नहीं है कि काम पूरा हो गया है।

क्रिकेटर से कमेंटेटर बने वॉन ने कहा, ‘‘गिल, जायसवाल और पंत को भारतीय टेस्ट टीम को उसी तरह आगे ले जाना होगा जैसा विराट कोहली अकेले करते थे। मैं देख रहा हूं कि इनका ग्रुप सही तरीके से खेल रहा है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘इनके पास शानदार मौका है कि वे उसी तरह ही विरासत छोड़े जैसा विराट कोहली भारतीय टेस्ट टीम के लिए छोड़कर गए हैं। अगर ये खिलाड़ी नंबर एक टेस्ट टीम का दर्जा दिलाने वाली कोहली की ऊर्जा और इतने लंबे समय तक पड़े उनके प्रभाव के करीब भी पहुंच सके तो उनका काम अच्छा होगा। ’’

कोहली और रोहित ने इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट से संन्यास की घोषणा की और वॉन ने कहा कि भारत में हमेशा ही प्रतिभा की भरमार रहेगी लेकिन कोहली जैसे खिलाड़ी को पाना आसान नहीं है।

वॉन ने कहा, ‘‘आप दो महान खिलाड़ियों के संन्यास लेने या टीम से बाहर जाने के बाद आप अचानक आगे नहीं बढ़ सकते। शुभमन ने कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर शानदार शुरुआत की है। वह एक शानदार खिलाड़ी हैं। बल्लेबाजी के मामले में मुझे नहीं लगता कि टीम को बहुत संघर्ष करना पड़ेगा। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह वह प्रतिस्पर्धी ऊर्जा है जो विराट टेस्ट टीम में लेकर आए। वह वो जज्बा और उत्साह लेकर आए जिसकी आपको जरूरत होती है। वह रणनीतिक रूप से भी बहुत अच्छे थे। हालांकि कप्तान के तौर पर शुभमन इसमें बेहतर हो सकते हैं। ’’

प्रतिभाओं की गहराई को देखते हुए वॉन को उम्मीद है कि भारत टेस्ट क्रिकेट में दबदबा बनाएगा, जो वह तीन चक्र में दो डब्ल्यूटीसी (विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप) फाइनल में पहुंचने के बावजूद नहीं कर पाया है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय टेस्ट टीम के बारे में मैं ज्यादा चिंतित नहीं हूं क्योंकि यह टीम बहुत प्रतिस्पर्धी है। मैं चाहूंगा कि बस टीम ज्यादा निरंतर रहे। भारत में जितनी प्रतिभा है, उसे देखते हुए मैं चाहूंगा कि टीम विभिन्न क्षेत्रों अधिक प्रतिस्पर्धी रहे। ’’

कई विशेषज्ञों की तरह वॉन भी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के दूसरे टेस्ट में खेलने और स्पिनर कुलदीप यादव को नहीं खिलाने से हैरान हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘सात दिन के ब्रेक के बाद भी आप अपने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को नहीं खिला रहे। कुलदीप को नहीं खिलाना भी समझ से परे है। मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि आप कुलदीप को टेस्ट टीम में क्यों नहीं चाहते। यह टेस्ट मैच है जो पांच दिन तक चलता है और एक लेग स्पिनर अहम होगा। इंग्लैंड के खिलाफ उसका रिकॉर्ड शानदार है। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 04, 2025 03:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).