एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री विपक्षी दलों को धमका रही हैं: भाजपा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि वह ‘बदला नहीं, केवल बदलाव’ का अपना पुराना नारा छोड़कर विपक्षी दलों को धमकाने का काम कर रही हैं।

देश की खबरें | पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री विपक्षी दलों को धमका रही हैं: भाजपा

कोलकाता, 28 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि वह ‘बदला नहीं, केवल बदलाव’ का अपना पुराना नारा छोड़कर विपक्षी दलों को धमकाने का काम कर रही हैं।

तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (टीएमसीपी) के स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित एक रैली में बनर्जी ने कहा कि बदलते समय और परिस्थितियों के अनुरूप नारे को अद्यतन करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, ‘‘जब आपका अपमान किया जाता है तो प्रतिरोध और विरोध करने का समय आ गया है। जब आप पर हमले होते हैं, तो आपको चुपचाप नहीं बैठना चाहिए। आप कैसे प्रतिक्रिया देते हैं, यह आप पर निर्भर करता है।’’

इस पर पलटवार करते हुए भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने बनर्जी की टिप्पणी को धमकी भरा बताते हुए इसकी निंदा की और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र लिखकर कहा कि बनर्जी ‘‘अब इस तरह के महत्वपूर्ण पद पर रहने की हकदार नहीं हैं।’’

मजूमदार ने पत्रकारों से कहा, ‘‘एक मुख्यमंत्री संवैधानिक रूप से पक्षपातपूर्ण रवैये से ऊपर उठने के लिए बाध्य होता है और उनके (बनर्जी) द्वारा इस तरह के डराने वाले बयान देना अकल्पनीय है जो लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा करता है।’’

उन्होंने कहा कि बनर्जी की टिप्पणी तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों को कानून अपने हाथ में लेने और विपक्षी सदस्यों पर हमला करने के लिए उकसा सकती है और इससे लोकतांत्रिक असहमति को दबाया जा सकता है।

उन्होंने बनर्जी के उस बयान की भी आलोचना की जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि बंगाल में आग लगी तो पड़ोसी राज्य जैसे झारखंड, ओडिशा, असम और यहां तक ​​कि दूर स्थित दिल्ली भी प्रभावित होंगे।

मजूमदार ने इसे गणतंत्र की संघीय भावना के विपरीत बताया। उन्होंने कहा, ‘‘एक निर्वाचित मुख्यमंत्री के लिए ऐसी टिप्पणी करना ठीक नहीं है। वह ऐसी बातें कैसे कह सकती हैं?’’

उन्होंने आरजी कर अस्पताल के चिकित्सकों के आंदोलन के बारे में उनकी टिप्पणियों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘‘अदालत ने पहले ही जूनियर चिकित्सकों के लोकतांत्रिक अधिकारों को बरकरार रखा है। जब तक न्याय नहीं मिल जाता, मुख्यमंत्री उन्हें चुप रहने के लिए मजबूर नहीं कर सकतीं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 28, 2024 07:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).