देश की खबरें | पश्चिम बंगाल: हल्दिया से भाजपा विधायक तापसी मंडल तृणमूल कांग्रेस में शामिल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल के हल्दिया से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी की करीबी सहयोगी तापसी मंडल सोमवार को राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गईं।
कोलकाता, 10 मार्च पश्चिम बंगाल के हल्दिया से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी की करीबी सहयोगी तापसी मंडल सोमवार को राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गईं।
मंडल के तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के फैसले से न केवल पूर्वी मेदिनीपुर में भाजपा को झटका लगा है बल्कि पार्टी के विधायक दल को भी इससे नुकसान होगा क्योंकि राज्य में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई थी।
पूर्व मेदिनीपुर अधिकारी का गढ़ माना जाता है और यहां बंदरगाह शहर हल्दिया स्थित है।
वह राज्य के ऊर्जा मंत्री अरूप बिस्वास की उपस्थिति में कोलकाता स्थित तृणमूल कांग्रेस के मुख्यालय में पार्टी में शामिल हुईं।
मंडल ने बार-बार पार्टी बदलने के अपने फैसले को सही ठहराते हुए कहा, ‘‘मैंने मुख्यमंत्री की विकासात्मक पहल का हिस्सा बनने का फैसला किया है।’’
मंडल ने कांग्रेस समर्थित मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उम्मीदवार के रूप में 2016 में हल्दिया सीट से चुनाव जीता था।
पश्चिम बंगाल में 2021 के विधानसभा चुनावों से पहले अधिकारी द्वारा तृणमूल से भाजपा में शामिल हो जाने के बाद मंडल भी भाजपा में शामिल हो गई थीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)