West Bengal: बीजेपी ने निगम चुनाव में ‘गड़बड़ी व हिंसा’ के विरोध में कल बंद का आह्वान किया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में 108 नगर निगमों के लिए हुए चुनाव के दौरान ‘सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के गुंडों’ द्वारा कथित रूप से गड़बड़ी करने एवं विपक्षी दलों के सदस्यों पर हमला करने के विरोध में सोमवार को राज्य में 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है.
कोलकाता: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पश्चिम बंगाल में 108 नगर निगमों के लिए हुए चुनाव के दौरान ‘सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के गुंडों’ द्वारा कथित रूप से गड़बड़ी करने एवं विपक्षी दलों के सदस्यों पर हमला करने के विरोध में सोमवार को राज्य में 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है. प्रदेश भाजपा प्रवक्ता सामिक भट्टाचार्य ने यहां संवाददाताओं से कहा कि सुबह छह से शाम छह बजे तक के इस बंद से स्वास्थ्य, दूध आपूर्ति एवं मीडिया को छूट रहेगी.
उन्होंने कहा, ‘‘ आज जो हुआ, वह मतदान नहीं बल्कि लोकतंत्र का मखौल था। उत्तरी और दक्षिणी बंगाल के करीब हर नगरपालिका में सत्तारूढ़ दल के बदमाशों ने चुनाव को तमाशा बनाकर रख दिया है. उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे कई एजेंटों एवं प्रत्याशियों के साथ मारपीट की गयी लेकिन राज्य निर्वाचन आयोग ने अपनी आंखें बंद रखीं. उन्होंने दावा किया कि यहां तक मतदाताओं एवं पत्रकारों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता सोमवार को सड़कों पर उतरेंगे और पार्टी लोगों से बंद रखने की अपील करती है. यह भी पढ़े: Bharat Bandh Today: पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भारत बंद के चलते रेलवे ट्रैक ब्लॉक, केरल सहित कई जगहों पर ट्रेड यूनियनों का सड़कों पर प्रदर्शन जारी
भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘ हमारे सांसदों--अर्जुन सिंह, सुकांत मजूमदार और दिलीप घोष को इधर-उधर जाने नहीं दिया गया... पूरी तरह अराजकता थी और संवैधानिक मशीनरी ठप्प पड़ गयी है। ऐसी स्थिति में हम बंद का आह्वान करने के लिए बाध्य हैं. इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा के बंद के आह्वान का लक्ष्य राज्य में अशांति एवं लोगों के लिए परेशानी खड़ी करना है.
तृणमूल महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा, ‘‘ आज के चुनाव के बाद भाजपा को अहसास हो गया है कि वह पश्चिम बंगाल में घटकर शून्य रह जाएगी। इसलिए उसने बंद की राजनीति अपनायी...’’ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के सदस्य सुजान चक्रवर्ती ने कहा कि पूरे दिन भाजपा ने वामदलों की भांति ‘तृणमूल के आतंक का डटकर मुकाबला’ नहीं किया और ‘‘ अब भाजपा बांग्ला बंद का आह्वान कर अचानक इस मुद्दे को झपट लेना चाहती है... हम उसकी प्रस्तावित हड़ताल का समर्थन नहीं करते हैं.
रविवार को बहरामपुर में मतदान केंद्रों पर तृणमूल कांग्रेस के विरोधों का सामना कर चुके प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि ‘सिद्धांतत: ’ वह बंद के आह्वन का समर्थन कर रहे हैं.
चौधरी ने कहा, ‘‘ तृणमूल कांग्रेस ने आज के निगम चुनाव के दौरान अप्रत्याशित आतंक फैलाया। यदि कांग्रेस बंद को लागू करने की स्थिति में होती, तो वह भी बंद का आह्वान करती.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 27, 2022 09:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

