West Bengal: राशन 'घोटाले' में एक और टीएमसी नेता गिरफ्तार, समर्थकों ने किया ईडी टीम पर हमला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल में कथित राशन घोटाले के सिलसिले में बनगांव नगर निकाय के पूर्व अध्यक्ष शंकर आद्या को शनिवार तड़के गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कोलकाता,6 जनवरी : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल में कथित राशन घोटाले के सिलसिले में बनगांव नगर निकाय के पूर्व अध्यक्ष शंकर आद्या को शनिवार तड़के गिरफ्तार कर लिया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों के मुताबिक, उत्तर 24-परगना जिले के तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता शंकर को एजेंसी ने उनके और उनके परिवार के सदस्यों से जुड़ी संपत्तियों पर छापेमारी के बाद बनगांव के सिमुलटोला में उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि शुक्रवार को छापेमारी कम से कम 17 घंटे तक चली.
उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के बाद अधिकारी जब शंकर को ले जाने लगे तो उनके (शंकर के) समर्थकों ने अधिकारियों का रास्ता रोकने की कथित तौर पर कोशिश की और उनके वाहनों पर पथराव भी किया. अधिकारियों ने बताया कि ईडी टीम के साथ मौजूद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को हालात पर काबू पाने के लिए भीड़ पर लाठीचार्ज करना पड़ा. ईडी के एक अधिकारी ने बताया, ''छापेमारी के साथ-साथ शंकर से पूछताछ भी की जा रही थी। उनका जवाब संतोषजनक नहीं होने के कारण उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.''
उन्होंने कहा, ‘‘गिरफ्तारी के बाद महिलाओं के नेतृत्व में शंकर-समर्थकों ने अधिकारियों को उन्हें अपने साथ ले जाने से रोकने की कोशिश की. साथ आए सीआरपीएफ के जवानों ने स्थिति को नियंत्रित किया.'' पड़ोसी दक्षिण 24-परगना जिले के संदेशखाली में शुक्रवार को हुए हमले के बाद एजेंसी पर यह दूसरा हमला था. ईडी के अनसार, टीएमसी नेता सहजान शेख के आवास पर छापेमारी के दौरान भीड़ ने उनके वाहनों में तोड़फोड़ की, जिसमें एजेंसी के तीन अधिकारियों को 'गंभीर' चोटें आईं। भीड़ ने उनके निजी सामान, जैसे-मोबाइल फोन और बटुए भी छीन लिये.
शंकर को राज्य सरकार में मंत्री ज्योतिप्रियो मलिक का करीबी माना जाता है, जिन्हें पिछले साल कथित घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था. अधिकारी ने बताया कि दस्तावेजों के अलावा ईडी ने शंकर के ससुराल वालों के घर से लगभग आठ लाख रुपये नकद जब्त किए. अपनी गिरफ्तारी के तुरंत बाद आद्या ने संवाददाताओं से कहा, ''मैं ईडी के साथ सहयोग करूंगा और हरसंभव तरीके से उनकी मदद करूंगा.'' उन्हें तड़के ही सॉल्ट लेक स्थित ईडी कार्यालय लाया गया और बाद में कोलकाता की एक अदालत में पेश किया जाएगा.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 06, 2024 03:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

