देश की खबरें | पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में शनिवार से साप्ताहिक लॉकडाउन प्रभाव में आया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में शनिवार से साप्ताहिक लॉकडाउन प्रभाव में आने के साथ ही आवश्यक सेवाओं से जुड़ी दुकानों को छोड़कर सभी दुकानें बंद रहीं।
चंडीगढ़, 22 अगस्त पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में शनिवार से साप्ताहिक लॉकडाउन प्रभाव में आने के साथ ही आवश्यक सेवाओं से जुड़ी दुकानों को छोड़कर सभी दुकानें बंद रहीं।
इन राज्यों के अधिकारियों ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के प्रयास के तहत शनिवार और रविवार के दिन साप्ताहिक लॉकडाउन रखने की घोषणा की है।
पंजाब सरकार ने बृहस्पतिवार को राज्य के सभी शहरों और कस्बों में सप्ताहांत लॉकडाउन लागू करने की घोषणा की थी। वहीं, हरियाणा और चंडीगढ़ के अधिकारियों ने कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए शुक्रवार को आवश्यक सेवाओं से जुड़ी दुकानों को छोड़कर सभी दुकानों को बंद रखने की घोषणा की थी।
कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर हरियाणा, पंजाब और केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ में कड़े प्रतिबंध लागू किए गए हैं।
पंजाब और हरियाणा में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या क्रमश: 39,327 और 52,129 हो गई है। चंडीगढ़ में कोविड-19 के मामलों की कुल संख्या 2,631 है।
दोनों राज्यों और चंडीगढ़ में गैर आवश्यक वस्तुओं की बिक्री से जुड़े दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। शनिवार को सड़कों पर आम दिनों के मुकाबले लोग भी कम नजर आए।
अधिकारियों ने बताया कि साप्ताहिक लॉकडाउन का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।
हरियाणा और पंजाब में शराब की दुकानें खुली हैं, लेकिन चंडीगढ़ में शनिवार-रविवार को इस तरह की दुकानें बंद रहेंगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)