देश की खबरें | आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हम एकजुट: प्रधानमंत्री मोदी ने जर्मन चांसलर के साथ बातचीत में कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से बात की और क्षेत्रीय तथा वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने रेखांकित किया कि दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हैं।
नयी दिल्ली, 20 मई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से बात की और क्षेत्रीय तथा वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। उन्होंने रेखांकित किया कि दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हैं।
इस महीने की शुरुआत में रूढि़वादी नेता फ्रेडरिक मर्ज जर्मनी के चांसलर बने थे।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से बात की और उन्हें पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। भारत तथा जर्मनी के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता दोहराई।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हैं।’’
बाद में एक बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा कि टेलीफोन पर बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने ‘‘हर तरह के आतंकवाद से निपटने के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई।’’
इसमें कहा गया कि पिछले 25 वर्षों में भारत-जर्मनी के बीच रणनीतिक साझेदारी में ‘‘उत्कृष्ट प्रगति’’ के मद्देनजर दोनों नेताओं ने ‘‘व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, तथा नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों सहित द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने’’ पर सहमति व्यक्त की।
प्रधानमंत्री मोदी ने चांसलर मर्ज को भारत आने का आमंत्रण दिया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि नेताओं ने संपर्क में बने रहने पर सहमति व्यक्त की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)