देश की खबरें | हमें औपनिवेशिक विरासत से मुक्त होने की जरूरत : हिमंत ने विपक्षी गठबंधन के नाम पर निशाना साधा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विपक्षी दलों के गठबंधन के नये नाम पर कटाक्ष करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को दावा किया कि अंग्रेजों ने देश का नाम ‘इंडिया’ रखा था और ‘‘औपनिवेशिक विरासतों’’ से राष्ट्र को मुक्त करने के लिए लड़ना चाहिए।
गुवाहाटी, 18 जुलाई विपक्षी दलों के गठबंधन के नये नाम पर कटाक्ष करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को दावा किया कि अंग्रेजों ने देश का नाम ‘इंडिया’ रखा था और ‘‘औपनिवेशिक विरासतों’’ से राष्ट्र को मुक्त करने के लिए लड़ना चाहिए।
शर्मा की यह टिप्पणी सत्तारूढ़ राजग से मुकाबला करने के लिए 26 विपक्षी दलों द्वारा एकजुट होकर गठबंधन बनाने के बाद आई है।
मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर कहा, ‘‘हमारा सभ्यतागत संघर्ष ‘इंडिया और भारत’ के आसपास केंद्रित है। अंग्रेजों ने हमारे देश का नाम ‘इंडिया’ रखा। हमें औपनिवेशिक विरासतों से खुद को मुक्त करने का प्रयास करना चाहिए।’’
यह कहते हुए कि पूर्वजों ने ‘भारत’ के लिए लड़ाई लड़ी थी, उन्होंने कहा, ‘‘हम ‘भारत’ के लिए काम करना जारी रखेंगे।’’
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की क्षेत्रीय शाखा ‘नॉर्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक एलायंस’ (एनईडीए) के संयोजक शर्मा ने कहा, ‘‘भाजपा ‘भारत’ के लिए है।’’
आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राजग को कड़ी चुनौती देने के प्रयास में जुटे 26 विपक्षी दलों ने अपने गठबंधन का नाम ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया)’ रखा है।
बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हमारे गठबंधन का नाम ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस (इंडिया)’ होगा। सभी ने एक स्वर में इस प्रस्ताव का समर्थन किया।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)