एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | श्रृंखला से हम जो चाहते थे, हमने वह हासिल किया : रोहित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने शुक्रवार को यहां कहा कि उनकी टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला से जो चाहती थी, उसने वह हासिल किया।

खेल की खबरें | श्रृंखला से हम जो चाहते थे, हमने वह हासिल किया : रोहित

अहमदाबाद, 11 फरवरी भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने शुक्रवार को यहां कहा कि उनकी टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला से जो चाहती थी, उसने वह हासिल किया।

भारत ने वेस्टइंडीज को तीसरे वनडे में 96 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। रोहित की वनडे कप्तान के रूप में यह पहली श्रृंखला थी।

रोहित ने मैच के बाद कहा, ‘‘हमने इस श्रृंखला में बहुत सी चीजों को जांचा परखा। हम इस श्रृंखला से जो कुछ भी चाहते थे, उसे हमने हासिल किया।’’

विराट कोहली के कप्तानी दौर के समाप्त होने के बाद भारतीय क्रिकेट में हाल में कुछ हलचल देखने को मिली और इस संदर्भ में रोहित से ड्रेसिंग रूम के माहौल के बारे में पूछा गया।

उन्होंने कहा, ‘‘जब तक हम खेल रहे हैं बातें होती रहेंगी। हम जानते हैं कि हम भारत में उच्च स्तर का खेल खेल रहे हैं और लोगों की निगाहें हम पर हैं। खिलाड़ी और व्यक्तिगत रूप से हम जानते हैं कि हमें किस चीज पर ध्यान केंद्रित करना है।’’

रोहित ने कहा, ‘‘बाहर क्या बातें हो रही हैं इसका ड्रेसिंग रूम के माहौल पर असर नहीं पड़ता। हमसे जो उम्मीद की जा रही है, हम वैसा प्रदर्शन करते हैं तो यह महत्वपूर्ण है।’’

उन्होंने तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की फिर से प्रशंसा की जिन्होंने तीन विकेट लिये और जिन्हें तीन मैचों में नौ विकेट लेने के लिये श्रृंखला का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

रोहित ने कहा, ‘‘हम चाहते थे कि गेंदबाज पिच से उछाल हासिल करें। हमारे पास ऐसा गेंदबाज है जो उस लेंथ से गेंदबाजी करके बल्लेबाजों को परेशान कर सकता है। हमारे तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन अच्छा रहा। यहां तक कि सिराज ने जिस तरह से गेंदबाजी की उससे मैं प्रभावित था। शार्दुल, दीपक को भी मौके मिले।’’

स्पिनर कुलदीप यादव की सफल वापसी के बारे में कप्तान ने कहा, ‘‘कुलदीप और चहल दोनों हमारे लिये महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। उन्होंने एक समूह के रूप में अच्छा प्रदर्शन किया है।’’

भारत को खराब शुरुआत से उबारने वाले मध्यक्रम के बल्लेबाजों के बारे में रोहित ने कहा, ‘‘शीर्ष क्रम नहीं चल रहा है, ऐसे में यह देखकर अच्छा लगा कि मध्यक्रम ने हमें संकट से उबारा। आज उन्होंने हमें सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। यह सबसे बड़ा सकारात्मक पहलू था।’’

वेस्टइंडीज के कप्तान निकोलस पूरण ने स्वीकार किया कि उनकी टीम को इस प्रारूप में काफी सुधार करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने श्रृंखला में जिस तरह की गेंदबाजी की वह शानदार थी, लेकिन हमें गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों पर काम करने की जरूरत है। विशेषकर इस श्रृंखला में हमारी बल्लेबाजी अच्छी नहीं रही। हम छोटे प्रारूप में बेहतर हैं लेकिन हमें इस लंबे प्रारूप में काम करने की आवश्यकता है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 11, 2022 10:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).