देश की खबरें | हमारे साथ हैं इमरान मसूद: समाजवादी पार्टी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि टिकट नहीं मिलने से नाराज बताए जा रहे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नेता इमरान मसूद ने सपा के साथ ही रहने का फैसला किया है।

लखनऊ, 20 जनवरी समाजवादी पार्टी (सपा) ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि टिकट नहीं मिलने से नाराज बताए जा रहे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नेता इमरान मसूद ने सपा के साथ ही रहने का फैसला किया है।

सपा ने अपने आधिकारिक हैंडल से किए गए ट्वीट में कहा, "समाजवादी पार्टी का बढ़ता कारवां। कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता इमरान मसूद जी ने अपने साथियों के साथ समाजवादी पार्टी को दिया समर्थन।"

इस ट्वीट के साथ एक फोटो भी टैग की गई है, जिसमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ इमरान मसूद तथा उनके समर्थक नजर आ रहे हैं।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मसूद की सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात हुई और अखिलेश ने भी उन्हें पूरा सम्मान देने का भरोसा दिया है।

सूत्रों ने दावा किया कि इससे मसूद की नाराजगी दूर हो गई और उन्होंने सपा और उसके गठबंधन के सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल के साथ मिलकर काम करने का फैसला किया।

इमरान मसूद हाल ही में कांग्रेस छोड़कर सपा में आए थे। मसूद नकुड़ सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन समाजवादी पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। बताया जाता है कि वह इससे नाराज थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\