देश की खबरें | बारिश से दिल्ली में जलभराव: आप ने भाजपा की ‘चार इंजन’ वाली सरकार पर बोला हमला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में शुक्रवार को मूसलाधार बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव और उड़ानों में विलंब देखने को मिला, जिसके बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने शहर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर निशाना साधते हुए किसी भी तरह की तैयारी नहीं करने का आरोप लगाया।

नयी दिल्ली, दो मई दिल्ली में शुक्रवार को मूसलाधार बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव और उड़ानों में विलंब देखने को मिला, जिसके बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने शहर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर निशाना साधते हुए किसी भी तरह की तैयारी नहीं करने का आरोप लगाया।

‘आप’ की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा शहर की विभिन्न सरकारी एजेंसियों को नियंत्रित करती है इसलिए वह जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।

भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।

भारद्वाज ने कहा, “आज दिल्ली में पहली बारिश हुई और पूरा शहर जलमग्न हो गया। सड़कें, भूमिगत मार्ग, कॉलोनियां, सब कुछ जलमग्न हो गया। यह ‘चार इंजन’ वाली भाजपा सरकार की वास्तविकता है।”

उन्होंने कहा कि एनडीएमसी, डीडीए, पीडब्ल्यूडी और एमसीडी पर भाजपा का नियंत्रण है।

भारद्वाज ने कहा, “अब कोई बहाना नहीं चलेगा। सभी एजेंसियां, चाहे वे केंद्र के अधीन हों या राज्य के, अब भाजपा के नियंत्रण में हैं।”

उन्होंने कहा, “अगर कोई सड़क एनडीएमसी की है, तो यह भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है, अगर कोई सड़क डीडीए की है, तो यह भाजपा के उपराज्यपाल की जिम्मेदारी है, अगर कोई सड़क पीडब्ल्यूडी या बाढ़ नियंत्रण विभाग की है, तो यह भाजपा की दिल्ली सरकार की जिम्मेदारी है, और अगर कोई सड़क एमसीडी की है, तो भी भाजपा जिम्मेदार है। अब चारों इंजन भाजपा के हैं।”

‘आप’ नेता ने दावा किया कि बारिश ‘सामान्य’ थी और पूर्वानुमान जारी किया गया था।

राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को सुबह-सुबह भारी बारिश के साथ आए तूफान के कारण एक मकान ढह गया, जिसमें एक महिला और उसके तीन बच्चों की मौत हो गई।

खराब मौसम के कारण 200 से अधिक उड़ानों में विलंब हुआ।

मिंटो ब्रिज और आईटीओ समेत कई व्यस्त सड़कों पर पानी भर गया, जिससे कई इलाकों में यातायात जाम हो गया।

भारद्वाज ने दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह के पिछले बयानों का हवाला देते हुए कहा, “मंत्री ने 445 जलभराव वाली जगहों की पहचान की थी और दावा किया था कि हर एक पर एक इंजीनियर की निगरानी है। फिर भी, आज हम उनमें से 400 स्थानों पर जलभराव देख रहे हैं। कितने इंजीनियरों को निलंबित किया गया है? मंत्री ने हमें नहीं बताया।”

उन्होंने पिछले वर्ष दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देश के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाए, जिसमें गाद निकालने के काम के लिए तीसरे पक्ष से ऑडिट कराने को कहा गया था।

भारद्वाज ने भ्रष्टाचार की ओर इशारा करते हुए आरोप लगाया, “अगर तीसरे पक्ष से ऑडिट कराया गया है, तो रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए। आज के दृश्य स्पष्ट रूप से दिखाते हैं कि वास्तव में गाद निकालने का काम नहीं किया गया, लेकिन करोड़ों रुपये का भुगतान जरूर किया गया हो सकता है।”

भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आश्वासन दिया था कि शहर में जलभराव नहीं होगा।

भारद्वाज ने पूछा, “ क्या यही शासन है?”

उन्होंने कहा, “हमारी मुख्यमंत्री हर दिन रिबन काटती नजर आती हैं, लेकिन वह काम कब करती हैं?”

भारद्वाज ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की तुलना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ करते हुए कहा, “जिस तरह मोदी हर चीज के लिए नेहरू (देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू) को दोषी ठहराते हैं, उसी तरह रेखा गुप्ता अपना कार्यकाल पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दोषी ठहराने में बिताएंगी।”

विपक्ष की नेता आतिशी ने ‘एक्स’ पर धौला कुआं और आईटीओ में जलभराव का वीडियो साझा किया।

उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘‘क्या दिल्ली के लोगों को चार इंजन वाली भाजपा सरकार से यही उम्मीद थी?’’

यहां ‘‘चार इंजन वाली भाजपा सरकार’’ का मतलब केंद्र और दिल्ली में भाजपा की सरकारों, नगर निगम में पार्टी के शासन और स्थानीय भाजपा सांसदों से है।

‘आप’ नेता ने कहा कि आईटीओ स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय के बाहर जलभराव सरकार की विफलता का प्रतीक है।

दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने मिंटो ब्रिज क्षेत्र का दौरा किया और अपने निरीक्षण का एक वीडियो साझा किया।

उन्होंने कहा, ‘‘बेमौसम भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव देखा गया। मिंटो ब्रिज पर सभी चार पंप काम कर रहे हैं। फटे हुए एक पाइप की पहचान कर ली गई है और उसकी मरम्मत की जाएगी।’’

वर्मा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी), नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग (आईएफसी) द्वारा नालों की सफाई का काम किया जा रहा है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भारी बारिश के बाद दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में भारी बारिश के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन बाधित हुआ।

एअर इंडिया ने उत्तर भारत के कई राज्यों में उड़ान में देरी की सूचना दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\