देश की खबरें | जल सुरक्षा, आर्थिक वृद्धि के लिए जल संसाधनों का टिकाऊ विकास एवं प्रभावी प्रबंधन महत्वपूर्ण : मुर्मू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पानी को जीवन की बुनियादी जरूरत बताते हुए सोमवार को कहा कि जल सुरक्षा और आर्थिक वृद्धि के लिए जल संसाधनों का टिकाऊ विकास और इसका प्रभावी प्रबंधन महत्वपूर्ण है।

नयी दिल्ली, 21 अगस्त राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पानी को जीवन की बुनियादी जरूरत बताते हुए सोमवार को कहा कि जल सुरक्षा और आर्थिक वृद्धि के लिए जल संसाधनों का टिकाऊ विकास और इसका प्रभावी प्रबंधन महत्वपूर्ण है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह बात केंद्रीय जल इंजीनियरिंग सेवा के अधिकारियों से राष्ट्रपति भवन में कही। ये अधिकारी राष्ट्रपति से भेंट करने आए थे।

मुर्मू ने कहा कि जीवन की बुनियादी जरूरत जल है और जल संसाधन प्रबंधन हमेशा से सभी पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण कार्य रहा है।

राष्ट्रपति भवन के बयान के अनुसार, उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग समाधान प्रदान कर, जल आधारभूत ढांचे के विकास में योगदान कर, केंद्रीय जल इंजीनियरिंग सेवा के अधिकारी देश को प्राकृतिक एवं मानवजनित जल संकट के खिलाफ अधिक जुझारू बना सकते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘ जल सुरक्षा और आर्थिक वृद्धि के लिए जल संसाधनों के टिकाऊ विकास और इसका प्रभावी प्रबंधन महत्वपूर्ण है।’’

उन्होंने कहा कि अधिक आर्थिक वृद्धि और बढ़ते शहरीकरण एवं विकास के साथ उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग जरूरी होगा। उन्होंने कहा कि जलवायु के बदलते चलन के कारण जल क्षेत्र पर प्रभाव पड़ना पहले ही प्रारंभ हो गया है।

मुर्मू ने कहा कि हमारे देश में विभिन्न भूक्षेत्र और जलवायु स्वरूपों वाले इलाके हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय जल इंजीनियरिंग सेवा के अधिकारी नियोजित सिंचाई विकास के क्षेत्र में काफी योगदान दे रहे हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि केंद्रीय जल आयोग ने जल से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी विकसित की है और इसे अपनाया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\