एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भारी बारिश के बाद यमुना में जल स्तर बढ़ा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में यमुना नदी का जल स्तर भारी बारिश के बाद बृहस्पतिवार को 203.37 मीटर तक बढ़ गया जो खतरे के निशान 204.50 मीटर के करीब है।

देश की खबरें | भारी बारिश के बाद यमुना में जल स्तर बढ़ा

नयी दिल्ली, 29 जुलाई दिल्ली में यमुना नदी का जल स्तर भारी बारिश के बाद बृहस्पतिवार को 203.37 मीटर तक बढ़ गया जो खतरे के निशान 204.50 मीटर के करीब है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने मंगलवार को नदी के डूब क्षेत्र के करीब के निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया था और चौबीसों घंटे स्थिति की निगरानी की जा रही है।

सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘जल स्तर सुबह साढ़े दस बजे ओल्ड रेलवे ब्रिज पर 203.37 मीटर पर दर्ज किया गया।’’

उन्होंने कहा कि दिल्ली और ऊपरी डूब वाले इलाकों में बारिश के कारण यमुना नदी उफान पर है। हरियाणा के यमुनानगर जिले में हथनीकुंड बैराज से नदी में और पानी छोड़ा जा रहा है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘पिछले 24 घंटों में पानी के बहाव की दर 1.60 लाख क्यूसेक पहुंच गयी जो इस साल के लिए सबसे अधिक है।’’ बैराज से छोड़े गए पानी को राजधानी पहुंचने तक आम तौर पर दो से तीन दिन लगते हैं।

बृहस्पतिवार को सुबह दस बजे 85,879 क्यूसेक की दर से यमुना में पानी छोड़ा जा रहा था। सामान्यत: हथनीकुंड बैराज से पानी के बहाव की दर 352 क्यूसेक होती है लेकिन डूब वाले इलाकों में भारी बारिश के बाद ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है। एक क्यूसेक 28.32 लीटर प्रति सेकंड के बराबर होता है।

अधिकारी ने बताया कि डूब वाले इलाकों में बारिश का अनुमान है अत: जल स्तर और बढ़ सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 29, 2021 01:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).