एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मादक पदार्थ के धंधे में लिप्त वांछित अपराधी को यूएई से भारत लाया गया : सीबीआई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सिंथेटिक मादक पदार्थ के धंधे में कथित तौर पर लिप्त मुस्तफा कुब्बावाला को शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | मादक पदार्थ के धंधे में लिप्त वांछित अपराधी को यूएई से भारत लाया गया : सीबीआई

नयी दिल्ली, 11 जुलाई सिंथेटिक मादक पदार्थ के धंधे में कथित तौर पर लिप्त मुस्तफा कुब्बावाला को शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कुब्बावाला के खिलाफ इंटरपोल ने रेड नोटिस जारी किया था।

सिंथेटिक नशीले पदार्थ ऐसे रासायनिक रूप से निर्मित पदार्थ होते हैं जो प्राकृतिक अफीम जैसे मादक प्रभाव उत्पन्न करते हैं, लेकिन ये पूरी तरह कृत्रिम यानी सिंथेटिक होते हैं।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इंटरपोल और मुंबई पुलिस की मदद से मुस्तफा को भारत लाने का अभियान चलाया।

मादक पदार्थ के धंधे में लिप्त वांछित अपराधी मुस्तफा को मुंबई पुलिस का चार सदस्यीय दल संयुक्त अरब अमीरात से यहां छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लेकर आया।

सीबीआई के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘सीबीआई की अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग इकाई (आईपीसीयू), एनसीबी-अबू धाबी के सहयोग से, रेड नोटिस का सामना कर रहे मुस्तफा कुब्बावाला को शुक्रवार को सफलतापूर्वक भारत वापस ले आयी।’’

अधिकारियों ने बताया कि मुंबई पुलिस ने सांगली में एक सिंथेटिक मादक पदार्थ निर्माण कारखाने का भंडाफोड़ किया था, जहां से 126.141 किलोग्राम मेफेड्रोन मादक पदार्थ जब्त किया गया था। ऐसा आरोप है कि यह कारखाना विदेश से मुस्तफा चला रहा था।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सीबीआई द्वारा इंटरपोल के माध्यम से एनसीबी-अबू धाबी के साथ मिलकर की गई गहन जांच के बाद मुस्तफा को संयुक्त अरब अमीरात में पाया गया था।’’

मुस्तफा के खिलाफ मुंबई में आरोपपत्र दाखिल किया गया था और एक विशेष अदालत ने उसके खिलाफ ‘ओपन डेटेड’ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। यह एक ऐसा गिरफ्तारी वारंट होता है जिसमें कोई निश्चित तिथि नहीं दी जाती कि आरोपी को कब गिरफ्तार करना है। इसका उद्देश्य यह होता है कि जैसे ही आरोपी का पता चलता है या वह मिल जाता है, उसे तुरंत गिरफ्तार किया जा सके।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सीबीआई को मुंबई पुलिस के अनुरोध पर 25 नवंबर 2024 को इंटरपोल के माध्यम से प्रकाशित रेड नोटिस मिला। एनसीबी-अबू धाबी ने 19 जून, 2025 को सूचित किया कि उनके अधिकारियों ने उस व्यक्ति को भारत वापस लाने के लिए संयुक्त अरब अमीरात में एक सुरक्षा मिशन भेजने का अनुरोध किया है। इसके बाद, संयुक्त अरब अमीरात से उस व्यक्ति को वापस लाने के लिए मुंबई पुलिस की एक टीम गठित की गई।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2025 11:40 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).