देश की खबरें | हरियाणा के फरीदाबाद में वांछित अपराधी बलराज मुठभेड़ में मारा गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लूटपाट के कई मामलों में वांछित अपराधी बलराज को पुलिस ने यहां एक संक्षिप्त मुठभेड़ में मार गिराया और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अधिकारियों ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
फरीदाबाद, 17 सितंबर लूटपाट के कई मामलों में वांछित अपराधी बलराज को पुलिस ने यहां एक संक्षिप्त मुठभेड़ में मार गिराया और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अधिकारियों ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
हालांकि, बलराज के परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी हत्या की है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि सेक्टर 48 की अपराध शाखा को शनिवार देर रात सूचना मिली कि पावटा महबताबाद गांव का बलराज उर्फ बलविंदर उर्फ बल्लू और उसके दो साथी किसी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अपराध शाखा की एक टीम ने कार सवार तीनों बदमाशों का पीछा किया और उन्हें रुकने के लिए कहा।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘जब तीनों को रुकने के लिए कहा गया, तो उन्होंने अपराध शाखा की टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी और एक गोली पुलिस के वाहन में लगी। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में बलराज को गोली लग गई और उसके साथियों को पकड़ लिया गया।’’
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘बलराज को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’’
फरीदाबाद जिले के पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि घटना की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मामले की जांच न्यायिक मजिस्ट्रेट नौरंग शर्मा करेंगे। पोस्टमार्टम चिकित्सकों के एक बोर्ड द्वारा किया जाएगा।’’
बलराज लूट और झपटमारी के चार मामलों में वांछित था। उसकी शादी आठ साल पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 17, 2023 07:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

