देश की खबरें | हल्दी रस्म के दौरान महिलाओं और बच्चों पर गिरी दीवार, आठ लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के घोसी क्षेत्र में विवाह से पहले हल्दी की रस्म के दौरान एक दीवार गिरने की घटना में चार और लोगों की मौत के साथ इस हादसे में मरने वालों की संख्या आठ हो गयी है। दुर्घटना में 20 अन्य लोगों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है।
मऊ (उप्र), नौ दिसंबर उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के घोसी क्षेत्र में विवाह से पहले हल्दी की रस्म के दौरान एक दीवार गिरने की घटना में चार और लोगों की मौत के साथ इस हादसे में मरने वालों की संख्या आठ हो गयी है। दुर्घटना में 20 अन्य लोगों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है।
शुक्रवार को अचानक गिरी दीवार के मलबे में दबने से तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई थी।
उन्होंने बताया कि जिस दीवार के गिरने से हादसा हुआ उसको बनवाने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया हैं ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मृतकों के परिजन को दो—दो लाख रुपये और घायलों को 50—50 हजार रुपये की सहायता का ऐलान करते हुए सभी घायलों को मुफ्त चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि शुक्रवार को नगर पंचायत स्थित टाउन मार्केट में एक विवाह समारोह से पहले हल्दी की रस्म के दौरान अनेक महिलाएं और बच्चे मंगल गीत गाते हुए एक गली से गुजर रहे थे, तभी एक निर्माणाधीन मकान की दीवार उन पर अचानक ढह गयी और कई महिलाएं और बच्चे मलबे में दब गये।
कुमार ने बताया कि इस हादसे में मरने वालों की पहचान पूनम शर्मा (42), मीरा (36), पूजा (35), चंदा देवी (30), सुशीला (52),लालती (60) अन्विया (चार) और माधव (आठ) के रूप में हुई है।
प्रशासन ने उन घायलों की सूची भी जारी की है जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है ।
अपर पुलिस अधीक्षक महेश सिंह अत्री ने बताया कि घोसी में दीवार गिरने से हुए हादसे में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है ।
उन्होंने बताया कि पकड़े गये दोनों लोगों की पहचान दीवार बनाने वाले मुनव्वर हसन और गयासुद्दीन के तौर पर हुयी है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)