देश की खबरें | हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान, कई विधायकों ने वोट डाला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा से राज्यसभा की दो सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान के शुरुआती घंटों में कई विधायकों ने वोट डाला। खरीद-फरोख्त के डर से छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक रिसॉर्ट में ठहराए गए कांग्रेस विधायक मतदान के लिए चंडीगढ़ पहुंच गए हैं।
चंडीगढ़, 10 जून हरियाणा से राज्यसभा की दो सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान के शुरुआती घंटों में कई विधायकों ने वोट डाला। खरीद-फरोख्त के डर से छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक रिसॉर्ट में ठहराए गए कांग्रेस विधायक मतदान के लिए चंडीगढ़ पहुंच गए हैं।
कांग्रेस विधायक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर हैं और वे मतदान के लिए एक साथ जाएंगे।
पिछले दो दिनों से चंडीगढ़ के बाहरी इलाके में एक लग्जरी होटल में ठहराए गए भाजपा-जजपा विधायक और कुछ निर्दलीय मतदान के लिए एक बस में यहां विधानसभा परिसर में पहुंच गए हैं।
सुबह नौ बजे मतदान शुरू होने के तुरंत बाद वोट डालने वाले विधायकों में कांग्रेस के कुलदीप बिश्नोई भी शामिल रहे। बिश्नोई दिल्ली से बृहस्पतिवार शाम को यहां पहुंचे थे। वह पिछले एक सप्ताह से रायपुर के रिसॉर्ट में ठहरे कांग्रेस विधायकों के साथ नहीं गए थे।
मतदान के बाद विधानसभा परिसर से निकलते समय बिश्नोई ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने ‘‘अपने विवेक के अनुसार’’ वोट दिया है। कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने बाद में दावा किया कि बिश्नोई ने कांग्रेस उम्मीदवार को वोट दिया है।
मतदान करने वालों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, हरियाणा के मंत्री जे पी दलाल, अनिल विज, रंजीत चौटाला, कांग्रेस के कुलदीप बिश्नोई और किरण चौधरी तथा ज्यादातर निर्दलीय विधायक शामिल हैं।
भाजपा ने पूर्व मंत्री कृष्ण लाल पंवार को खड़ा किया है जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। मीडिया कारोबारी कार्तिकेय शर्मा निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)