ताजा खबरें | ओडिशा में लोकसभा की छह और विधानसभा की 42 सीट के लिए मतदान जारी

भुवनेश्वर, एक जून ओडिशा में कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार सुबह से छह लोकसभा और 42 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान जारी है। एक चुनाव अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर लोकसभा सीट के साथ-साथ इन संसदीय क्षेत्रों में आने वाले 42 विधानसभा सीट पर सुबह सात बजे से मतदान जारी है।

अधिकारी ने बताया कि इन संसदीय क्षेत्रों के उग्रवाद से प्रभावित नहीं होने के कारण मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) एन बी ढल ने आश्वासन दिया कि मौजूदा भीषण गर्मी को देखते हुए सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

राज्य में इस चरण के मतदान के लिए कुल 36,000 सुरक्षाकर्मी और 72,000 मतदान अधिकारी तैनात किए गए हैं।

छह लोकसभा सीट के लिए 66 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं जबकि 42 विधानसभा सीट के लिए 394 उम्मीदवार मैदान में हैं।

इस चरण में कई प्रमुख नेताओं के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा जिनमें विधानसभा अध्यक्ष प्रमिला मलिक, सरकार के मुख्य सचेतक प्रशांत मुदुली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा, ओडिशा के छह मंत्री और चार मौजूदा सांसद शामिल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)