देश की खबरें | राजस्थान में राज्यसभा की चार सीटों के लिए मतदान शुरू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान से राज्यसभा की चार सीटों के लिए मतदान शुक्रवार सुबह नौ बजे शुरू हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

जयपुर, 10 जून राजस्थान से राज्यसभा की चार सीटों के लिए मतदान शुक्रवार सुबह नौ बजे शुरू हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि राज्य विधानसभा परिसर में मतदान शाम चार बजे तक चलेगा और उसके बाद वोटों की गिनती की जाएगी। राजस्थान के 200 विधायक चार सीटों के लिए मतदान करेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, भाजपा और कांग्रेस के विधायक अपने-अपने होटलों से बसों के जरिये विधानसभा पहुंचे। राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने तीन सीटों के लिए मुकुल वासनिक, प्रमोद तिवारी और रणदीप सुरजेवाला को मैदान में उतारा है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व मंत्री घनश्याम तिवाड़ी को अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है, जबकि वह मीडिया कारोबारी सुभाष चंद्रा का भी समर्थन कर रही है।

संख्या बल के हिसाब से राजस्थान की 200 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस अपने 108 विधायकों के साथ दो सीटें और भाजपा 71 विधायकों के साथ एक सीट आराम से जीत सकती है। इसके बाद कांग्रेस के पास 26 और भाजपा के पास 30 अधिशेष वोट होंगे।

कांग्रेस को अपने तीसरे प्रत्याशी को जिताने के लिए 15 और वोट (कुल 41) चाहिए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि निर्दलीय और भारतीय ट्राइबल पार्टी के विधायकों को मिलाकर उनके पास कुल 126 विधायकों का समर्थन है।

वहीं, भाजपा के 30 अधिशेष और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के तीन सदस्यों के मत के साथ निर्दलीय चंद्रा के पास कुल 33 वोट हैं। चंद्रा को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के लिए 41 मत चाहिए। यानी वह जीत से आठ मत दूर हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\