देश की खबरें | केरल में पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के कोट्टायम जिले के पुथुपल्ली विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया।

तिरुवनंतपुरम, पांच सितंबर केरल के कोट्टायम जिले के पुथुपल्ली विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर उपचुनाव में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।

चांडी का इस साल 18 जुलाई को निधन हो गया था। उन्होंने पांच दशकों से अधिक समय तक कोट्टायम जिले के इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।

कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने ओमन चांडी के बेटे चांडी ओमन को चुनाव मैदान में उतारा है। विश्लेषक इस कदम को पूर्व मुख्यमंत्री की मृत्यु के बाद सहानुभूति लहर को भुनाने की एक स्पष्ट रणनीति के रूप में देख रहे हैं।

वहीं, सत्तारूढ़ वाम मोर्चे ने एक बार फिर डीवाईएफआई नेता जैक सी थॉमस पर भरोसा जताया है, जिन्होंने 2016 और 2021 में दिवंगत चांडी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत नहीं दर्ज पाए थे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने कोट्टायम जिला अध्यक्ष जी. लिजिनलाल को टिकट दिया है।

पुथुपल्ली विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,76,417 मतदाता मतदान के पात्र हैं, जिनमें 90,281 महिलाएं, 86,132 पुरुष और चार ट्रांसजेंडर शामिल हैं। क्षेत्र में उपचुनाव के लिए कुल 182 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now