एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मतगणना: मप्र, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सत्ता के करीब पहुंची भाजपा, तेलंगाना में कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा चुनाव का सेमी फाइनल कहे जा रहे चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार प्रदर्शन किया है। मध्य प्रदेश में जहां उसने जबरदस्त प्रदर्शन के साथ सत्ता बरकरार रखी है तो वहीं राजस्थान और छत्तीसगढ़ में उसने कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर दिया है। इन चुनावों में कांग्रेस के लिए राहत सिर्फ तेलंगाना से मिल रही है जहां भारी बहुमत से उसकी सरकार बनने की संभावना है।

देश की खबरें | मतगणना: मप्र, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सत्ता के करीब पहुंची भाजपा, तेलंगाना में कांग्रेस

नयी दिल्ली, तीन दिसंबर लोकसभा चुनाव का सेमी फाइनल कहे जा रहे चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार प्रदर्शन किया है। मध्य प्रदेश में जहां उसने जबरदस्त प्रदर्शन के साथ सत्ता बरकरार रखी है तो वहीं राजस्थान और छत्तीसगढ़ में उसने कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर दिया है। इन चुनावों में कांग्रेस के लिए राहत सिर्फ तेलंगाना से मिल रही है जहां भारी बहुमत से उसकी सरकार बनने की संभावना है।

छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर थी, वहीं दक्षिण के राज्य तेलंगाना में मुख्य मुकाबला भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और कांग्रेस के बीच हुआ। पांचवें राज्य मिजोरम में मतगणना सोमवार को होगी।

आगामी लोकसभा चुनाव से पहले तीन हिंदी भाषी राज्यों में जीत ने जहां भाजपा में नए सिरे से उत्साह का संचार कर दिया है वहीं कांग्रेस के लिए यह चुनाव किसी भारी झटके से कम नहीं है क्योंकि वह पार्टी शासित दो राज्य भाजपा के हाथों गंवाने जा रही है।

विधानसभा चुनाव वाले इन पांचों राज्यों में लोकसभा की 84 सीट हैं और आगामी लोकसभा चुनाव से पहले यह विधानसभा चुनावों का आखिरी दौर है।

निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा 55 सीट जीत चुकी है और 111 सीट पर आगे है। वह भारी बहुमत के साथ सत्ता में फिर से वापसी करती दिख रही है। कांग्रेस अब तक 13 सीट जीत चुकी है और 50 सीट पर उसके उम्मीदवारे आगे हैं।

मध्य प्रदेश में भाजपा नेताओं ने जीत का संकेत स्पष्ट होते ही जश्न मनाना शुरू कर दिया। भोपाल स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचे और मिठाइयां बांटीं।

राजस्थान में भी भाजपा, सत्तारूढ़ कांग्रेस से काफी आगे है। यहां की जनता पिछले तीन दशक से हर चुनाव में सरकार बदलती रही है। अभी तक के नतीजों और रुझानों से स्पष्ट है कि इस बार भी यह रिवाज कायम रहेगा। यहां भाजपा 83 सीट जीत चुकी है जबकि 32 सीट पर उसके उम्मीदवार आगे हैं। कांग्रेस 46 सीट जीत चुकी है और 23 पर वह आगे है। राज्य की 199 सीट पर मतदान हुआ था क्योंकि एक उम्मीदवार की मृत्यु के कारण उस सीट पर मतदान स्थगित कर दिया गया था।

छत्तीसगढ़ में शुरुआती रुझानों में सत्तारूढ़ कांग्रेस, भाजपा से आगे थी और बीच में लगा कि दोनों के बीच कांटे का मुकाबला है लेकिन बाद में भाजपा ने अच्छी-खासी बढ़त हासिल कर ली। यहां की 90 में से आठ सीट पर भाजपा जीत चुकी है और 48 सीट पर वह आगे है जबकि कांग्रेस को पांच सीट पर सफलता मिली है और 29 सीट पर वह बढ़त बनाए हुए है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शानदार प्रदर्शन को भारत की जनता के भरोसे का प्रतीक बताया और कहा कि भारत की जनता का भरोसा सिर्फ और सिर्फ सुशासन और विकास की राजनीति करने वाले में है।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में चुनाव परिणामों को ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में एक ‘सशक्त कदम’ बताया और तीनों राज्यों के मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।

उन्होंने कहा, ‘‘जनता-जनार्दन को नमन! मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के चुनाव परिणाम बता रहे हैं कि भारत की जनता का भरोसा सिर्फ और सिर्फ सुशासन और विकास की राजनीति में है, उनका भरोसा भाजपा में है।’’

इन चुनावों में भाजपा के प्रति स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद बरसाने के लिए उन्होंने सभी राज्यों की जनता, विशेषकर महिलाओं और युवाओं का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन्हें भरोसा देता हूं कि आपके कल्याण के लिए हम निरंतर अथक परिश्रम करते रहेंगे।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पार्टी के शानदार प्रदर्शन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और विकास पर जनता की मुहर और कांग्रेस के तुष्टिकरण, अराजकता तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जनादेश करार दिया।

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि नतीजे दिखाते हैं कि लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘गारंटी’ को स्वीकार किया है।

यह पूछे जाने पर कि राजस्थान के नए मुख्यमंत्री का नाम कब तक तय किया जाएगा, राजस्थान में भाजपा के चुनाव प्रभारी जोशी ने कहा कि यह ‘बहुत जल्द और सुचारू रूप से’ होगा।

इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार पर निराशा जताते हुए रविवार को कहा कि उनका दल इन राज्यों में खुद को मजबूत करेगा तथा विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों के साथ मिलकर अगले लोकसभा चुनाव के लिए अपने आपको तैयार करेगा।

उन्होंने तेलंगाना में कांग्रेस की जीत के लिए मतदाताओं का आभार जताया।

राजनीतिक रूप से खुद को मजबूत करने की कोशिशों में कांग्रेस तेलंगाना में हैट्रिक की उम्मीद कर रही के. चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) से सत्ता छीनने के निकट है।

राज्य की 119 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस 29 सीट जीत चुकी है और 35 पर वह आगे है। बीआरएस 15 सीट जीत चुकी है और 24 सीट पर आगे है। भाजपा चार सीट जीत चुकी है और चार पर आगे है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है और पांच पर उसके उम्मीदवार आगे हैं। एक सीट पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी आगे है।

तेलंगाना में चुनाव परिणामों पर जोशी ने कहा कि कांग्रेस को बीआरएस के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर से फायदा हुआ तथा भाजपा को वहां और मेहनत की जरूरत है।

चारों राज्यों में जारी मतगणना के बीच भाजपा ने कहा कि देश में एक ही गारंटी चलती है और वह है ‘मोदी की गारंटी’।

भाजपा के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मोदी की गारंटी!’’

इस पोस्ट के साथ ही उन्होंने धोती और कुर्ता पहने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक तस्वीर लगाई जिसमें लिखा है, ‘‘देश में एक ही गारंटी चलती है और वह मोदी की गारंटी!’’

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा के संकल्प पत्र और कांग्रेस की गारंटी के बीच मुकाबला था और प्रधानमंत्री मोदी हर चुनावी सभा में मतदाताओं को भाजपा के संकल्प पत्र को ‘मोदी की गारंटी’ के रूप में पेश कर रहे थे।

चारों राज्यों में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई जो कि अभी तक जारी है।

ब्रजेन्द्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 03, 2023 06:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).