देश की खबरें | सीलमपुर में इमारत गिरने के लिए वोट बैंक की राजनीति और व्यवस्थागत भ्रष्टाचार जिम्मेदार : कपिल मिश्रा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने सीलमपुर में इमारत ढहने की घटना के लिए शनिवार को 15 साल के व्यवस्थागत भ्रष्टाचार और वोट बैंक की राजनीति को जिम्मेदार ठहराया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं शहर के केवल ‘‘कुछ खास तरह के इलाकों’’ में ही बार-बार हो रही हैं।
नयी दिल्ली, 12 जुलाई दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने सीलमपुर में इमारत ढहने की घटना के लिए शनिवार को 15 साल के व्यवस्थागत भ्रष्टाचार और वोट बैंक की राजनीति को जिम्मेदार ठहराया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं शहर के केवल ‘‘कुछ खास तरह के इलाकों’’ में ही बार-बार हो रही हैं।
मिश्रा ने आरोप लगाया कि हाल ही में मुस्तफाबाद में भी ऐसी ही त्रासदी हुई थी और चेतावनी दी कि जब तक अवैध और असुरक्षित निर्माणों से सीधे तौर पर नहीं निपटा जाएगा, ऐसी घटनाएं जारी रहेंगी।
दिल्ली के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री मिश्रा ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर के वेलकम क्षेत्र में इमारत ढहने की घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए कहा, ‘‘कुछ क्षेत्रों में इमारतें ढह रही हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 10-15 वर्षों में वोट बैंक की राजनीति के चलते भ्रष्टाचार का भयानक खेल खेला गया है। भारी भ्रष्टाचार के कारण अनधिकृत बहुमंजिला इमारतें बन गई हैं। बिना किसी सुरक्षा मानकों के छह-छह मंजिला इमारतें बन रही हैं।’’
मिश्रा ने चेतावनी दी कि सीलमपुर में ढही इमारत के पास की इमारतें भी खतरे में हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जब हम मलबा हटाएंगे, तो ये इमारतें ढह सकती हैं।’’
मिश्रा ने पूर्ववर्ती सरकारों को बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण की अनुमति देने के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, ‘‘इन मौतों के लिए वे लोग जिम्मेदार हैं, जिन्होंने ऐसी इमारतों को बनने दिया और अब दिल्ली छोड़कर भाग गए हैं।’’
सीलमपुर इलाके में शनिवार सुबह चार मंजिला इमारत के ढह जाने से एक साल के बच्चे समेत आठ लोग घायल हो गए, जबकि कुछ के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है। हादसे में मरने वालों में इमारत के मालिक और उनकी पत्नी भी शामिल हैं।
मिश्रा ने बाद में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दुर्घटना की गहन जांच और जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा देने की मांग की।
उन्होंने कहा, ‘‘इन मुद्दों पर कभी न कभी किसी को खुलकर बोलना ही होगा...। इस प्रकार का तुष्टिकरण कि लोहे की पटरियों पर 5-5 मंजिल के मकान अवैध तरीके से बने हुए हैं..। ये पैसे खाकर किनके इशारे पर हुआ? इन मुद्दों पर गम्भीर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।’’
मिश्रा ने पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के मंत्री पर निशाना साधते हुए पोस्ट किया, ‘‘ क्या गोपाल राय इस हत्या की जिम्मेदारी लेंगे? गोपाल राय और अरविंद केजरीवाल कहां छुपे हैं? वो कहां भाग गए? उनकी देखरेख में इस तरह के अवैध निर्माण कार्य होते रहे, क्या वो बताएंगे कि गरीब लोग कैसे मरे?’’
यह हादसा शहर के घनी आबादी वाले वेलकम इलाके में जेजे क्लस्टर की एक संकरी गली में हुआ। दिल्ली अग्निशमन सेवा, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), पुलिस और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नेतृत्व में बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों का कहना है कि भीड़भाड़ वाला इलाका होने और संकरी गली की वजह से बचाव कार्य में मुश्किल आ रही है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानमाल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया और कहा कि घटना पर जिलाधिकारी से रिपोर्ट मांगी गई है।
उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से लोकसभा सदस्य एवं भाजपा नेता मनोज तिवारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चूंकि स्थान बहुत संकरा है, इसलिए लोगों को बचाव कार्य पूरा होने तक गली में प्रवेश करने से बचना चाहिए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2025 04:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

