देश की खबरें | विस्तार ने नेत्रहीन महिला यात्री के साथ हुई घटना पर खेद व्यक्त किया

नयी दिल्ली, चार सितंबर विमानन कंपनी विस्तार ने बीते सप्ताह कोलकाता हवाई अड्डे पर एक नेत्रहीन महिला को हुई परेशानी पर खेद व्यक्त किया है। इस घटना में महिला को विमान से उतरने के दौरान कथित रूप से लंबा इंतजार करना पड़ा था।

महिला यात्री के बेटे ने इस घटना को सोशल मीडिया पर साझा किया जो 31 अगस्त को दिल्ली से कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुंची उड़ान में हुई थी।

महिला के बेटे आयुष केजरीवाल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि उसकी मां नेत्रहीन है और उन्हें व्हीलचेयर की आवश्यकता थी जिसके लिए ‘‘सहायक यात्रा योजना’’ चुनी गई थी। आयुष ने दावा किया कि जब उडा़न कोलकाता में उतर गई तो सब लोग उससे उतर गए लेकिन उनकी मां को इंतजार करना पड़ा।

आयुष ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि विस्तार उनकी नेत्रहीन मां को इस तरह कैसे परेशान कर सकती है। उन्होंने कहा कि क्या विमानन कंपनी उन दिव्यांग यात्रियों की देखभाल के लिए जिम्मेदार नहीं है जिन्हें यात्रा के दौरान कंपनी की जिम्मेदारी पर छोड़ा जाता है।

विस्तार ने इसके जवाब में खेद व्यक्त किया है।

विमानन कंपनी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ''आयुष, आपके अनुभव को लेकर हमें खेद है। विस्तार में, हम उच्च सेवा मानकों को ध्यान में रखकर काम करते हैं। आपकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरने से हम निराश हैं।''

अभिषेक अविनाश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)