देश की खबरें | विश्वविद्यालयों, शोधकर्ताओं के लिए विजिटर पुरस्कार राष्ट्रपति भवन से शिक्षा मंत्रालय को हस्तांतरित

नयी दिल्ली, आठ जून शीर्ष विश्वविद्यालयों और शोधकर्ताओं को प्रदान किया जाने वाला वार्षिक ‘विजिटर पुरस्कार’ राष्ट्रपति भवन से शिक्षा मंत्रालय को हस्तांतरित कर दिया गया है। एक आधिकारिक अधिसूचना से यह जानकारी मिली है।

अब से शिक्षा मंत्रालय के पास विजिटर पुरस्कार का विषय रहेगा और वह पुरस्कार के लिए सिफारिश किये गए नामों पर अंतिम मंजूरी राष्ट्रपति से लेगी।

राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि, ‘‘ केंद्रीय विश्वविद्यालयों के विजिटर के रूप में भारत की राष्ट्रपति आठवें विजिटर पुरस्कार से जुड़े कार्यो को शिक्षा मंत्रालय को हस्तांतरित कर रहे हैं।’’

इसमें कहा गया है, ‘‘ शिक्षा मंत्रालय को पुरस्कार के लिए अंतिम चयन के उद्देश्य से सिफारिश किये गए नामों को विचारार्थ एवं राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए पेश करना होगा ।’’

गौरतलब है कि विजिटर पुरस्कार की शुरूआत वर्ष 2014 में की गई थी और इसका उद्देश्य केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना था। पहला विजिटर पुरस्कार फरवरी 2015 में केंद्रीय विश्वविद्यालयों के सम्मेलन में प्रदान किया गया था।

विजिटर पुरस्कार कई श्रेणियों में प्रदान किये जाते हैं जिसमें नवाचार के लिए विजिटर पुरस्कार, मानविकी, कला और सामाजिक विज्ञान, भौतिक विज्ञान एवं जीव विज्ञान में शोध के लिए विजिटर पुरस्कार तथा प्रौद्योगिकी में विजिटर पुरस्कार शामिल है। इसमें 2.5 लाख रूपये और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।

दीपक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)