विशाखापत्तनम गैस रिसाव: येदियुरप्पा ने कहा, एहतियाती उपाय करें कर्नाटक के उद्योग
घटना पर दुख प्रकट करते हुए येदियुरप्पा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है और ऐसी दुर्घटना कहीं नहीं होनी चाहिए।
बेंगलुरु, सात मई कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने लॉकडाउन के बाद फिर से खुल रहे राज्य के उद्योग के प्रबंधकों से बृहस्पतिवार को कहा कि आंध्र प्रदेश में गैस रिसाव की घटना को देखते हुए सभी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के बाद संचालन शुरू किया जाए।
घटना पर दुख प्रकट करते हुए येदियुरप्पा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है और ऐसी दुर्घटना कहीं नहीं होनी चाहिए।
विशाखापत्तनम में बृहस्पतिवार की सुबह स्टाइरीन गैस के रिसाव से आठ लोगों की मौत हो गई और एक सौ से अधिक अस्पताल में भर्ती हैं।
येदियुरप्पा ने अपने ट्वीट में कहा कि कर्नाटक में दो महीने बाद खुल रहे उद्योगों के प्रबंधकों को विशाखापत्तनम में हुई दुर्घटना से सबक लेकर सचेत रहना चाहिए।
उन्होंने कहा, “मैं अपील करता हूं कि सभी एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने के बाद ही उत्पादन शुरू करना चाहिए।”
राज्य सरकार ने हाल ही में ग्रीन और ऑरेंज जोन में लॉकडाउन में ढील देकर औद्योगिक गतिविधियों के संचालन की अनुमति दी थी।
एक अन्य ट्वीट में येदियुरप्पा ने कहा, “विशाखापत्तनम की घटना पर बहुत दुख हुआ। पीड़ित परिवारों के साथ मेरी संवेदना और प्रार्थना है।”
अधिकारियों के अनुसार गैस रिसाव के कारण संयंत्र के आसपास पांच किलोमीटर के क्षेत्र में स्थित गांव प्रभावित हुए।
पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल (सेकुलर) के अध्यक्ष एच डी देवगौड़ा ने कहा कि उन्हें घटना से गहरा दुख पहुंचा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आंध्र प्रदेश को यथासंभव सहायता प्रदान करने की अपील की।
देवगौड़ा ने ट्वीट किया, “विशाखापत्तनम में गैस रिसाव त्रासदी से गहरा दुख और सदमा पहुंचा। पीड़ितों के लिए प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी से अनुरोध करता हूं कि यथासंभव सहायता पहुंचाई जाए।”
पूर्व केंद्रीय मंत्री एम वीरप्पा मोइली और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी दुर्घटना पर दुख प्रकट किया।
मोइली ने कहा, “रिपोर्ट से पता चलता है कि पर्याप्त बचाव अभियान नहीं चलाया गया। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए युद्ध स्तर पर आपात कदम उठाने होंगे। मैं स्थिति के नियंत्रण में आने के लिए प्रार्थना करता हूं।”
सिद्धारमैया ने ट्वीट किया, “विशाखापत्तनम में गैस रिसाव त्रासदी के बारे में जानकर दुख हुआ जिसमें कई जानें चली गईं। दुख की इस घड़ी में हम आंध्र प्रदेश के लोगों के साथ खड़े हैं।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2020 04:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

