देश की खबरें | विपश्यना महज बहाना, केजरीवाल विलासितापूर्ण जीवनशैली के आदी : भाजपा

नयी दिल्ली, पांच मार्च भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर पंजाब में अपने 10 दिन के विपश्यना सत्र के बहाने विलासितापूर्ण जीवनशैली का लुत्फ उठाने का आरोप लगाया।

भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दावा किया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘आप’ की हार के बाद केजरीवाल राज्यसभा की सदस्यता हासिल करने की कोशिशों में जुटे हैं।

केजरीवाल या ‘आप’ की तरफ से इन आरोपों पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

सचदेवा ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, “चुनाव हारने के बाद अब वह (केजरीवाल) राज्यसभा की सदस्यता हासिल करने की फिराक में हैं, क्योंकि उन्हें विलासितापूर्ण जीवनशैली की आदत लग चुकी है। विपश्यना तो महज बहाना है, पंजाब में उनकी मौजूदगी की असली वजह ‘आप’ की प्रदेश इकाई में मची उथल-पुथल है।”

भाजपा नेता ने पंजाब में केजरीवाल के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की भी आलोचना की।

‘आप’ सुप्रीमो की सुरक्षा को लेकर जारी चिंताओं पर प्रतिक्रिया देते हुए सचदेवा ने कहा, “उन्हें (केजरीवाल को) खालिस्तानी तत्वों से किस तरह का खतरा है, जिनके साथ उन्होंने भोजन किया था और जिनसे उनकी पार्टी धन इकट्ठा करती है? यह एक तथ्य है कि ‘आप’ चुनावों के लिए इन राष्ट्र-विरोधी तत्वों से चंदा लेती आई है। यह जनता के पैसे लूटने की एक चाल के अलावा और कुछ नहीं है।”

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने विपश्यना सत्र को लेकर केजरीवाल पर तंज कसा और उनके लिए की गई व्यापक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया।

सिरसा ने कहा, “वहां दो करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की गाड़ियां, सैकड़ों पुलिस कमांडो, दमकल कर्मी और एंबुलेंस खड़ी थीं। यह किस तरह की शांति की चाह है? वह कभी खुद को आम आदमी कहते थे, लेकिन सत्ता मिलने के बाद उन्होंने अपना असली चेहरा दिखा दिया है।”

भाजपा सांसद प्रणीण खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि केजरीवाल के फायदे के लिए पंजाब सरकार के संसाधनों का दुरुपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, “एक ऐसा व्यक्ति पंजाब सरकार की मशीनरी का इस्तेमाल कर रहा है, जिसे इसकी अनुमति भी नहीं है। हमने पिछले 10 वर्षों से (दिल्ली में) सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग देखा है और अब यह पंजाब में हो रहा है।”

राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने भी केजरीवाल के सुरक्षा घेरे को लेकर कटाक्ष किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “केजरीवाल पंजाब के लोगों से इतना क्यों डरते हैं, जिन्होंने उन्हें इतना प्यार दिया? वीआईपी संस्कृति की आलोचना करने वाले व्यक्ति के पास अब डोनाल्ड ट्रंप से भी बड़ा सुरक्षा घेरा है।”

दिल्ली भाजपा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये भी केजरीवाल पर निशाना साधा। उसने लिखा, “दिल्ली की जनता ने भ्रष्ट केजरीवाल को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया है, फिर भी सत्ता के लिए उनकी भूख कम नहीं हो रही है। वह खुद को ‘आम आदमी’ कहते हैं, लेकिन पंजाब में इतने बड़े काफिले के साथ उन्हें ‘वीआईपी ट्रीटमेंट’ क्यों दिया जा रहा है? यह कैसा ‘आम आदमी’ है, जिसकी इच्छाएं कभी खत्म ही नहीं होतीं?”

केजरीवाल 10 दिवसीय विपश्यना सत्र के लिए मंगलवार को पंजाब के होशियारपुर पहुंचे। विपश्यना एक प्राचीन भारतीय ध्यान पद्धति है, जो आत्म-अवलोकन के जरिये आत्म-परिवर्तन पर केंद्रित है। हालांकि, भाजपा नेताओं ने केजरीवाल के किसी आधिकारिक पद पर न होने के बावजूद उन्हें सरकारी सुविधाएं मिलने पर सवाल उठाया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)