देश की खबरें | विखे पाटिल ने ‘सामना’ में आलोचना को लेकर राउत पर निशाना साधा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल ने शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ के कार्यकारी संपादक संजय राउत पर मंगलवार को निशाना साधा और पूछा कि क्या उन्होंने शिवसेना के प्रवक्ता का पद छोड़ दिया है और कांग्रेस में यही पद ग्रहण कर लिया है।
मुंबई, 23 जून भाजपा नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल ने शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ के कार्यकारी संपादक संजय राउत पर मंगलवार को निशाना साधा और पूछा कि क्या उन्होंने शिवसेना के प्रवक्ता का पद छोड़ दिया है और कांग्रेस में यही पद ग्रहण कर लिया है।
उन्होंने अपने उस दावे को भी दोहराया कि कांग्रेस की महाराष्ट्र की इकाई के प्रमुख बालासाहेब थोराट ने कुछ वर्ष पहले भाजपा में शामिल होने पर विचार किया था।
पाटिल और थोराट दोनों अहमदनगर जिले से हैं और चिर प्रतिद्वंद्वी माने जाते हैं।
विखे पाटिल की टिप्पणी ‘सामना’ में शिवसेना द्वारा उनके संबंध में की गई एक टिप्पणी पर आई है जिसमें पार्टी ने कहा था कि पाटिल द्वारा थोराट की आलोचना सत्ता में न होने की भाजपा नेता की “निराशा” को दिखाती है।
यह भी पढ़े | Home Isolation Tips: होम आइसोलेशन में क्या है जरूरी, स्वास्थ्य विशेषज्ञ ने दी टिप्स.
पिछले साल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए विखे पाटिल ने मंगलवार को राउत को पत्र लिखा और इसे अपने ट्विटर हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा कि अहमदनगर के लोगों ने अपने प्रतिनिधित्व के लिए जनादेश उनके परिवार के पक्ष में दिया था।
उन्होंने कहा, “हमारी प्रतिबद्धता लोगों के प्रति है और यह सिल्वर ओक (राकांपा प्रमुख शरद पार का निवास) और मातोश्री (मुख्यमंत्री एवं शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे का घर) के बीच बदलती नहीं रहता है। हमने भले ही पार्टियां बदली हों लेकिन उस पार्टी के नेतृत्व के प्रति इमानदार रहते हैं जिसका हम प्रतिनिधित्व करते हैं।”
उन्होंने राउत से पूछा,“मैं भाजपा में खुश हूं। लेकिन खुद को महा विकास आघाडी (शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस की गठबंधन सरकार) का शिल्पकार बताने के बावजूद आपको अपने भाई के लिए मंत्री का पद नहीं मिल सका...क्या आपने लॉकडाउन के दौरान प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता का पद ग्रहण कर लिया है और शिवसेना में यह पद छोड़ दिया है?”
शिवसेना के मुखपत्र में सोमवार को यह भी कहा गया, ‘‘वर्षों पहले मराठी फिल्म ‘थोराटांची कमल’ (थोराट का कमल) रिलीज हुई थी। अब ‘विखे पाटिलंची कमल’ (विखे पाटिल का कमल) रिलीज हुई है और फ्लॉप हो गई है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)